अपर संचालक के इंतजार में डेढ़ घंटे बैठे रहे प्राचार्य

अपर संचालक के इंतजार में डेढ़ घंटे बैठे रहे प्राचार्य

भास्कर संवाददाता | गुना शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल होने के लिए जिलेभर के संकुल प्राचार्य शुक्रवार शाम उत्कृष्ट विद्यालय गुना पहुंच गए, लेकिन बैठक लेने वाले भोपाल के अपर संचालक मनीष वर्मा के समय पर नहीं पहुंचने से उन्हें करीब डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। शाम 5 बजे बुलाई गई बैठक में जब लंबे समय तक अधिकारी नहीं पहुंचे तो प्राचार्यों का धैर्य जवाब देने लगा। इसके बाद कई प्राचार्य बैठक का बहिष्कार कर वहां से लौट गए। सूत्रों के अनुसार, अपर संचालक करीब शाम 7 बजे गुना पहुंचे, जिसके बाद बैठक शुरू हो सकी। इस दौरान कुछ प्राचार्य दोबारा लौट आए, जबकि कुछ प्राचार्य पहले ही जा चुके थे। जानकारी के अनुसार, बैठक में जिले के सभी संकुलों के प्राचार्यों के साथ बीईओ और बीआरसी को भी बुलाया गया था। शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों और प्राचार्यों की उपस्थिति अपेक्षित थी। प्राचार्य निर्धारित समय पर पहुंच गए, लेकिन बैठक में देरी के कारण उन्हें इंतजार करना पड़ा। लंबे समय तक बैठक शुरू नहीं होने से नाराजगी बढ़ी और कुछ प्राचार्य वापस लौट गए। बैठक में छात्रवृत्ति, सीएम हेल्पलाइन और समग्र आईडी से जुड़े मामलों की समीक्षा की जानी थी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *