करनाल जिले के पुरानी नीलोखेड़ी में नाबालिग लड़की से अश्लील हरकत के आरोप में एक ग्रंथी को पुलिस चौकी ले जा रहे चौकी इंचार्ज की गाड़ी पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 8-10 लोगों ने रास्ता रोककर पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और गाड़ी पर लात-घूंसे व डंडे बरसाकर पिछली खिड़की का शीशा तोड़ दिया। बुटाना थाना पुलिस ने तीन नामजद सहित 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गुरुद्वारे में अश्लील हरकत की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी नीलोखेड़ी के इंचार्ज गुरबचन सिंह ने शिकायत में बताया कि 9 अक्टूबर को रात करीब 10:30 बजे ईआरवी-409 के इंचार्ज ईएसआई परविंद्र सिंह ने चौकी के सरकारी फोन पर सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुरानी नीलोखेड़ी के गुरुद्वारे के अंदर ग्रंथी ने एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत की है। इस सूचना के बाद गांव के काफी लोग वहां इकट्ठा हो गए थे। रास्ता बंद होने पर गाड़ी पीछे करने लगे तो हमला किया
सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज गुरबचन सिंह, एचजीएच अंकित कुमार के साथ निजी कार में मौके पर पहुंचे। वहां ईआरवी-409 की टीम मिली। चौकी इंचार्ज ने ग्रंथी को अपनी गाड़ी में बैठाया और ईआरवी टीम को ड्यूटी पर वापस भेज दिया। इसके बाद वे ग्रंथी को लेकर चौकी के लिए रवाना हुए। रास्ते में गली में ट्रैक्टर खड़े होने के कारण आगे का रास्ता बंद था। जब गुरबचन सिंह गाड़ी पीछे करने लगे तो 8-10 लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। आरोप है कि इन लोगों ने गाड़ी पर लात-घूंसे और डंडों से हमला किया तथा पिछली खिड़की का शीशा तोड़ दिया। तीन नामजद सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज
शिकायत में नवजोत दुमन उर्फ ज्योति, तरुण सोही और गुरनाम सिंह के अलावा 6-7 अन्य लोगों को आरोपी बताया गया है। चौकी इंचार्ज का आरोप है कि सभी ने मिलकर उनके और एचजीएच अंकित कुमार के साथ हाथापाई व धक्का-मुक्की की और सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। बुटाना थाना पुलिस ने 10 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 126(2), 132, 221, 324(4), 191(3) और 190 लगाई गई हैं। मामले की जांच पीएसआई अनिल को सौंपी गई है। पुलिस मामले की गहनता और गंभीरता से जांच कर रही है।

