ठाणे पुलिस ने Pradeep Purnekar मर्डर केस में यूपी कोर्ट से दो संदिग्धों का Transit Remand मांगा

ठाणे पुलिस ने Pradeep Purnekar मर्डर केस में यूपी कोर्ट से दो संदिग्धों का Transit Remand मांगा

ठाणे पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) शिवसेना (उबाठा) के पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में पकड़े गए दो प्रमुख संदिग्धों को पुणे लाने के लिए उत्तर प्रदेश की एक अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेश साल्वी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद दोनों आरोपियों को ठाणे लाया जाएगा और कानूनी कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया था कि संतोष कनोजिया उर्फ टल्ली और अमित सिंह उर्फ पपलू को ठाणे पुलिस की एक टीम ने प्रयागराज से पकड़ा है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है। सूत्रों ने बताया कि कनोजिया के खिलाफ पूर्व में लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया गया था।

संदेह था कि वह देश छोड़कर भागने या दूसरे राज्यों में जाने की कोशिश कर सकता है। इस बीच, एसआईटी ठाणे में पुलिस हिरासत में मौजूद तीन अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है। एसआईटी इससे पहले सुभाष उर्फ पप्पया शिंदे, निखिल यादव और नितेश पवार को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के एक अधिकारी ने पूर्व में बताया था कि हत्या की पूरी साजिश कनोजिया और शिंदे ने रची थी। उन्होंने हथियारों और वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन सहित अन्य जरूरी इंतजाम किए थे। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी में मनपाड़ा के वार्ड प्रमुख रहे पूर्णेकर की 29 सितंबर को हत्या कर दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *