गुना में एक ही परिवार में पसरा मातम: सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

गुना में एक ही परिवार में पसरा मातम: सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Guna News : मध्य प्रदेश के गुना जिले के अंतर्दत आने वाले एबी रोड पर भदौरा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाचा – भतीजे की मौत हो गई। दोनों बाइक से म्याना की तरफ से अपने गांव लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि, हादसे में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भतीजे ने भोपाल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से परिजन के साथ साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मामले को लेकर परिजन का कहना है कि, 26 वर्षीय संजय बरेला और उनके चाचा 36 वर्षीय रामसिंह बरेला बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान भदौरा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि, रामसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजय गंभीर रूप से घायल हो गया।

भोपाल पहुंचने से पहले संजय की भी मौत

हादसे की जानकारी परिजनों को रात करीब 11:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। संजय की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। हालांकि, भोपाल पहुंचने से पहले ही बीनागंज के पास रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।

चाचा भतीजे करते थे खेती-किसानी

बताया जा रहा है कि, हादसे का शिकार होकर जान गवाने वाले चाचा – भतीजे खेती – किसानी करते थे। परिजन का कहना है कि, रामसिंह और संजय दोनों खेती-किसानी का काम करते थे। दोनों शादीशुदा थे और दोनों के दो-दो बच्चे हैं। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत होने से बच्चों के सिर से पिता और परिवार से एक अहम सहारा छिन गया है। फिलहाल, इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंपे गए शव

घटना के बाद दोनों के शव जिला अस्पताल लाए गए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ वाहन और उसके चालक की पहचान करने करने के प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *