डूंगरपुर की वरदा थाना पुलिस ने राहगीरों से चाकू की नोक पर हुई लूट का खुलासा किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल ईको गाड़ी जब्त की गई है। थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राव के अनुसार, 2 सितंबर 2026 की रात यमन दवे व पंकज डूंगरपुर बस स्टैंड के पास वाहन का इंतजार कर रहे थे। एक सफेद ईको गाड़ी में बैठे चालक व बदमाशों ने उन्हें सवारी के बहाने बैठाया। डोजा मोड़ के पास सुनसान जगह गाड़ी रोककर आरोपियों ने चाकू से मारपीट की। यमन व पंकज से मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस व नकद पैसे लूट लिए। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी सबूतों से पुलिस ने वाहन मालिक पहचाना। आंतरी बस स्टैंड पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ईको गाड़ी रोकने पर चालक ने उसे भगा दिया। पीछा कर पुलिस ने पाडला गोकलिया मोड़ के पास आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में वागदरी निवासी अरविंद कुमार कनिपा, कल्याणपुर उदयपुर निवासी ललित उर्फ लाला व सुभाष उर्फ बादशाह हैं। पुलिस लूटे सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

