बांसवाड़ा के दानपुर थाना क्षेत्र के कुंडल गांव में शनिवार दोपहर आपसी विवाद में पड़ोसियों ने मां-बेटे के साथ जमकर मारपीट की और जानलेवा हमला कर दिया। पड़ोसी ने मां के सामने बेटे को तलवार मारी जिसमें बेटे की हथेली पर 20 टांके आए हैं। वहीं, मां को भी चोट लगी है। पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद एमजी अस्पताल किया रेफर जानकारी के अनुसार, कुंडल निवासी राधेश्याम (35) पुत्र पुंजा मईडा और उसकी वृद्ध मां कलावती (60) पत्नी पुंजा मईडा अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी उनसे उलझ गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। हमलावरों ने मां-बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी और राधेश्याम पर तलवार से सीधा हमला बोल दिया। खुद को बचाते समय तलवार का वार सीधे राधेश्याम की हथेली पर लगा। घटना में महिला को भी चोंटें आई हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस ईएमटी दिनेश मईडा ने बताया की घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए पहले दानपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए दोनों को एमजी जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। हाथ में आए 20 टांके एमजी अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में घायल राधेश्याम को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड के कम्पाउंडर विजय मीणा ने बताया कि तलवार का घाव बहुत गहरा था, जिसके चलते युवक की हथेली पर करीब 20 टांके लगाने पड़े हैं। फिलहाल घायल का उपचार जारी है।

