सीधी जिले में विश्वविद्यालय बनाने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने फिर आवाज उठाई। शासकीय महाविद्यालय जीडीसी सीधी और संजय गांधी कॉलेज समेत कई कॉलेजों के छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। शहर में विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग करते हुए प्रधानमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कहा कि विश्वविद्यालय बनने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। यह तिरंगा यात्रा सुबह 11:30 बजे संजय गांधी कॉलेज के पास से शुरू हुई। यह नए बस स्टैंड, लालता चौक, पुराना बस स्टैंड, गांधी चौराहा और सम्राट चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। तेज धूप के बावजूद छात्रों का उत्साह बना रहा और उन्होंने नारे लगाकर अपनी मांग उठाई। शोध छात्र इंद्रलाल पटेल ने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। इससे उन्हें आर्थिक और अन्य दिक्कतें आती हैं। स्थानीय विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। छात्र ऋषि पटेल ने नारे लगाकर छात्रों में जोश बनाए रखा। तहसीलदार अमित दुबे ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन लिया।

