लुधियाना से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लुधियाना के वार्ड नंबर 47 से आम आदमी पार्टी (AAP) की मौजूदा पार्षद उषा कालिया का निधन हो गया है। वे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से पीड़ित थीं और उन्होंने लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार पार्षद उषा कालिया के तीन बेटे हैं। परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल था क्योंकि उनके एक बेटे की शादी अगले महीने (नवंबर) में तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं लेकिन घर में शहनाइयां बजने से पहले ही इस दुखद घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां का साया अचानक उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आम आदमी पार्टी के नेताओं स्थानीय निवासियों और समर्थकों ने पार्षद उषा कालिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इलाके के लोगों का कहना है कि वे एक मिलनसार और जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहने वाली नेत्री थीं।

