“जानबूझकर पोक करते हैं रिपोर्टर्स”, तनीषा मुखर्जी ने दुर्गा पूजा पंडाल में जया बच्चन को लेकर दिया बयान, बोलीं- उन्हें परेशान मत करना

“जानबूझकर पोक करते हैं रिपोर्टर्स”, तनीषा मुखर्जी ने दुर्गा पूजा पंडाल में जया बच्चन को लेकर दिया बयान, बोलीं- उन्हें परेशान मत करना

Tanishaa Mukerji On Jaya Bachchan poking paparazzi: देशभर में इन दिनों शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा बेहद धूमधाम से मनाई जाती है और मुंबई के प्रसिद्ध पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन के लिए फिल्मी सितारों और आम लोगों का तांता भी लगता है। इसी बीच, मुखर्जी परिवार के हर साल लगने वाले दुर्गा पूजा पंडाल से अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी (Tanishaa Mukerji) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोर रहा है। तनीषा ने पंडाल को कवर कर रहे फोटोग्राफर्स और मीडियाकर्मियों से एक खास और सख्त अपील की है कि वह दिग्गज अभिनेत्री जया बच्चन (Jaya Bachchan) को बिल्कुल भी परेशान न करें। उन्होंने कहा कि आप लोग चाबी भरते हैं।

तनीषा मुखर्जी ने जया बच्चन को परेशान करने पर दिया बयान

तनीषा मुखर्जी ने दुर्गा पूजा से जुड़े एक इवेंट के दौरान मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने खुलकर फोटोग्राफर्स की कार्यशैली पर सवाल उठाए। तनीषा ने पैपराजी से अपील करते कहा कि इस बार जया जी को परेशान मत करना।

तनीषा ने कहा, “मैं देख रही हूं कि आप लोग उन्हें बहुत ज्यादा परेशान कर रहे हैं। मैंने खुद देखा है कि मीडिया के कुछ लोग जानबूझकर उन्हें उकसाते हैं। इसलिए मैं आप सभी से हाथ जोड़कर रिक्वेस्ट करती हूं कि हमारी दुर्गा पूजा के दौरान ऐसा बिल्कुल न करें। क्योंकि आप ही लोग चाबी भरते हैं।” वहीं, पिछले साल का जया बच्चन का एक वीडियो भी सामने आया है।

भीड़भाड़ में तहजीब और इंसानियत बनाए रखने की अपील

तनीषा ने त्योहारों के इन दिनों में पंडालों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और धक्का-मुक्की को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने मीडिया और आम जनता दोनों से कहा कि वह उत्सव के माहौल में सावधानी बरतें, एक-दूसरे को धक्का न दें और भीड़भाड़ के बीच आपसी तहजीब और इंसानियत का पूरा ख्याल रखें।

बता दें, मुखर्जी परिवार की परंपराओं में नॉर्थ बॉम्बे सर्बोजनिन दुर्गा पूजा का बहुत बड़ा महत्व है। हर साल की तरह इस बार भी काजोल, तनीषा मुखर्जी और परिवार के अन्य सदस्य इस आयोजन में शामिल हो रहे हैं। इसके अलावा बॉलीवुड की कई बड़ी हस्तियां भी यहां मां के दर्शन के लिए पहुंचती हैं।

जया बच्चन और पैपराज़ी का पुराना रिश्ता

जया बच्चन का दुर्गा पूजा पंडालों में आना-जाना किसी से छिपा नहीं है। वह अक्सर मुखर्जी परिवार के साथ इस उत्सव का हिस्सा बनती हैं और उनके साथ अच्छे पल बिताती नजर आती हैं। हालांकि, मीडिया और पैपराजी के साथ जया बच्चन के रिश्तों को लेकर अक्सर चर्चाएं होती रहती हैं। जया बच्चन कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से अपनी पर्सनल स्पेस का सम्मान न किए जाने और बिना अनुमति के तस्वीरें खींचे जाने पर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। कई बार उन्हें पैपराजी पर चिल्लाते हुए भी देखा गया है। यही वजह है कि तनीषा मुखर्जी ने त्योहार के माहौल में मीडिया को पहले ही आगाह कर दिया है कि वे जया बच्चन को लेकर किसी तरह की असहज स्थिति पैदा न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *