कनाडा के सरे के पास लैंगली शहर में 5 अक्टूबर की शाम को हुई एक सनसनीखेज वारदात में 23 वर्षीय पंजाबी युवक जीवन जोहल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अब मृतक की पहचान सार्वजनिक करते हुए बताया है कि उसका संबंध ब्रदर्स कीपर्स’ गैंग से था। घटना की जांच ‘आईहिट’ (IHIT) की ओर से की जा रही है। कनाडा में गैंगवार और गोलीबारी की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। 5 अक्टूबर की शाम को लैंगली स्थित ‘कैक्टस क्लब कैफे’ ) के बाहर एक लग्जरी सफेद रंग की रेंज रोवर गाड़ी खड़ी थी। इसी गाड़ी के अंदर बैठे 23 साल के जीवन जोहल को अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। जांच अधिकारियों के अनुसार, जीवन जोहल का संबंध बीसी (ब्रिटिश कोलंबिया) के कुख्यात ‘ब्रदर्स कीपर्स’ गैंग से था। पुलिस ने यह खुलासा भी किया है कि जीवन जोहल और उसकी पत्नी को अपनी जान के खतरे के बारे में पहले ही आधिकारिक चेतावनी जारी की गई थी। हालांकि, सुरक्षा कारणों से पुलिस ने यह उजागर नहीं किया था कि उनकी जान को किस गिरोह या व्यक्ति से खतरा था।
घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक जलती हुई गाड़ी बरामद हुई हत्या की इस वारदात के थोड़ी देर बाद ही घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक जलती हुई गाड़ी बरामद हुई। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से इस गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे अभी यह जांच कर रहे हैं कि इस जलती हुई गाड़ी का सीधा संबंध जोहल की हत्या से है या नहीं। फिलहाल इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जीवन जोहल किन-किन आपराधिक गतिविधियों में शामिल था और इस टारगेट किलिंग के पीछे मुख्य मास्टरमाइंड कौन है।

