सलूंबर जिले में सेमारी थाना पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर तोड़कर तांबा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। 2 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं और नाबालिग को हिरासत में लिया है। आरोपियों ने सेमारी, सराड़ा और झल्लारा थाना क्षेत्रों में वारदातें कबूली हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 24 किलो 820 ग्राम तांबा और ट्रांसफॉर्मर का बॉडी कवर जब्त किया है। पूछताछ में आरोपियों ने सेमारी, सराड़ा और झल्लारा थाना क्षेत्रों में चोरी की कई वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है। पोल से नीचे गिराकर तोड़ते थे ट्रांसफॉर्मर पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को AVVNL के GSS सेमारी में तैनात कनिष्ठ अभियंता अंकित कुमार जैन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि 25 अगस्त की रात दर्जनपुरा गांव और सेमारी पंचायत समिति रोड पर लगे 16 KVA के सिंगल फेस ट्रांसफॉर्मरों को अज्ञात बदमाशों ने पोल से नीचे गिराकर तोड़ दिया। इसके बाद अंदर से तांबा निकालकर चोरी कर लिया। मुखबिर की सूचना पर पकड़े आरोपी जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला और सराड़ा पुलिस उप अधीक्षक कृष्णगोपाल के निर्देशन में सेमारी थानाधिकारी हरिशंकर कटारा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर और आसूचना तंत्र की मदद से कार्रवाई की। इस दौरान प्रकाश मीणा (32), निवासी गेजुवा और लोकेश मीणा (19), निवासी डिंगरी, थाना सराड़ा को गिरफ्तार किया गया। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी डिटेन किया गया है। तीन थाना क्षेत्रों में वारदातें कबूलीं पूछताछ में आरोपियों ने सेमारी थाना क्षेत्र के पंचायत समिति रोड और दर्जनपुरा में वारदात करना स्वीकार किया। सराड़ा क्षेत्र के सुरखण्ड का खेड़ा, हर्षन तालाब और नावड़ा में भी उन्होंने ट्रांसफॉर्मर तोड़कर तांबा चोरी किया। झल्लारा क्षेत्र के मानपुरा सालैया की वारदात में भी उनके शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का तांबा और ट्रांसफॉर्मर का बॉडी कवर बरामद किया है। गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। यह टीम रही शामिल कार्रवाई में थानाधिकारी हरिशंकर कटारा, एएसआई हिम्मतसिंह राठौड़, हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्रलाल और कॉन्स्टेबल अजीत कुमार, तेजेंद्रसिंह, भानुप्रताप सिंह, भरत कुमार, हेमेन्द्रसिंह चौहान और रमेशचंद्र शामिल रहे।

