पन्ना-कटनी मार्ग पर खमतरा के पास शुक्रवार की शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सड़क पर अचानक आई एक गाय को बचाने के प्रयास में एक ट्रेलर (क्रमांक NL 01 AC 3355) गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में चला गया। इसी दौरान सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक से ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत होने की गंभीर आशंका बन गई। हालांकि, चालकों की मुस्तैदी से सीधी टक्कर तो टल गई, लेकिन इसके बाद सड़क पर भारी हंगामा खड़ा हो गया। हादसा टलते ही दोनों वाहनों के चालकों और उनके साथियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष बीच सड़क पर ही आपस में भिड़ गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चालक और उनके साथी एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते और हाथों में लाठी-डंडे लेकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस हिंसक झड़प के कारण सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के बीच हड़कंप मच गया। सड़क सुरक्षा और संयम पर उठे सवाल इस पूरी घटना ने सड़क सुरक्षा और चालकों के संयम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क पर अचानक आई गाय को बचाना संवेदनशीलता का परिचय है, लेकिन तेज रफ्तार वाहन को अचानक गलत दिशा में ले जाने से सामने से आ रहे वाहनों और दूसरे लोगों की जान सीधे जोखिम में पड़ गई। मामूली कहासुनी के बाद बीच सड़क पर लाठी-डंडे निकालना और मारपीट करना कानून-व्यवस्था के लिए खुली चुनौती है।

