कोटा के रामपुरा थाना क्षेत्र में सिगरेट लाने से मना करने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी आदिल को गिरफ्तार किया है। घटना चश्मे की बावड़ी इलाके की है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। रामपुरा थाना अधिकारी देशराज गुर्जर ने बताया कि 29 सितंबर को एक युवक दुकान पर खड़ा था। इसी दौरान आदिल ने उससे सिगरेट लाने को कहा। युवक ने मना कर दिया तो आदिल गुस्सा हो गया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आदिल को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। ऑपरेशन HAWK के तहत संदिग्धों की चेकिंग थानाधिकारी देशराज गुर्जर ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस की ओर से ऑपरेशन HAWK भी चलाया जा रहा है। इसके तहत सार्वजनिक स्थानों पर झुंड बनाकर खड़े युवकों से पूछताछ की जाती है। साथ ही उनकी चेकिंग कर यह पता लगाया जाता है कि उनके पास कोई अवैध हथियार या चाकू तो नहीं है। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में चाकूबाजी और हथियारों से जुड़ी घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

