प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चीन के शंघाई में हुई वर्ल्डस्किल्स कॉम्पिटिशन 2026 में शामिन होने वाले प्रतिभागियों से अपने आवास पर मुलाकात की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पोस्ट में लिखा- इन शानदार युवाओं ने वर्ल्डस्किल्स कॉम्पिटिशन 2026 में बेहतरीन प्रदर्शन किया। आज 7, लोक कल्याण मार्ग में उनसे मुलाकात की और उनके अनुभव भी जाने। वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भी उन्होंने पोस्ट शेयर किया और लिखा- वर्ल्डस्किल्स कॉम्पिटिशन 2026 में चमक बिखेरने वाले युवा साथियों का अभिनंदन! एक आधिकारिक बयान में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने बताया कि वर्ल्डस्किल्स कॉम्पिटिशन 2026 में भारत 6 सिल्वर और 20 उत्कृष्टता पदक जीतकर 10वें स्थान पर रहा। वहीं, 2024 में फ्रांस के ल्योन में हुए वर्ल्डस्किल्स कॉम्पिटिशन भारत 13वें स्थान पर रहा था, जहां भारत ने चार कांस्य पदक और 12 उत्कृष्टता पदक हासिल किए थे। मंत्रालय ने कहा कि अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए भारत के यह परिणाम वैश्विक मंच पर देश के कुशल युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। कॉम्पिटिशन में 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने भाग लिया था 22-27 सितंबर 2026 तक हुए इस छह दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन में 70 देशों के 1,400 से अधिक युवा प्रतियोगियों ने भाग लिया था। भारत का प्रतिनिधित्व अब तक के सबसे बड़े 70 प्रतियोगियों के दल ने किया, जिन्होंने उभरती टेक्नोलॉजी, प्रोडक्शन, इंजीनियरिंग, क्रिएटीविटी जैसे 63 फील्ड में भाग लिया था।
पीएम मोदी वर्ल्डस्किल्स कॉम्पिटिशन के प्रतिभागियों से मिले:बातचीत कर अनुभन जाना, लिखा- शंघाई में इनका प्रदर्शन बेहतरीन रहा

