हरदोई जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) लखनऊ की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने हरदोई रेलवे स्टेशन के पास से बिहार की दो महिला तस्करों को 10 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शुक्रवार की दोपहर 1 बजे आरोपी महिलाओं का मेडिकल कॉलेज में चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इस संबंध में पुलिस ने 3:45 बजे जानकारी दी है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने हरदोई रेलवे स्टेशन के पुराने गेट के बाहर पुख्ता घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मौजूद दो महिलाओं को रोककर महिला आरक्षी की मौजूदगी में उनकी विधिवत तलाशी ली गई। पूछताछ में दोनों महिलाओं ने अपनी पहचान निर्मला देवी (पत्नी शकलदीप मल्लाह, उम्र करीब 58 वर्ष) और मुसैना मल्लाह (पत्नी कुलसैनी, उम्र करीब 62 वर्ष), दोनों निवासी वैशाली प्रांत (बिहार) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पहली महिला निर्मला देवी के नीले रंग के बैग से 4 पॉलीथिन पैकेटों में पैक करीब 5 किलोग्राम अवैध गांजा मिला। वहीं, दूसरी महिला मुसैना मल्लाह के सफेद प्लास्टिक थैले से 2 पैकेटों में पैक करीब 5 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे इस अवैध खेप को बिहार से लाकर हरदोई में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने के लिए आई थीं। शुक्रवार की दोपहर आरोपी महिलाओं को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। शुक्रवार को दोपहर 1 बजे डॉक्टर शेर सिंह द्वारा दोनों महिलाओं का चिकित्सीय स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद, पुलिस ने दोपहर 3:45 बजे इस गिरफ्तारी की आधिकारिक जानकारी साझा की। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में शहर कोतवाल समेत एनसीबी से निरीक्षक अनुराग पटेल, कौशलेंद्र मिश्र, शहर पुलिस से उप निरीक्षक कैलाश नाथ यादव, एनसीबी से महिला आरक्षी अंशिका शुक्ला, शहर कोतवाकी से कांस्टेबल सुरजीत, बबली, राजेंद्र आदि रहे।

