बाड़मेर में एक निजी हॉस्पिटल की नर्स ने हॉस्पिटल मालिक, डॉक्टर, मैनेजर और अन्य स्टाफ के खिलाफ रेप और यौन शोषण के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 6 बजे महिला थाने में केस दर्ज किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इससे पहले 22 जुलाई 2026 को डॉक्टर ने इसी महिला नर्स के खिलाफ हनीट्रैप और ब्लैकमेल का मामला दर्ज करवाया था। इस मामले में पुलिस ने नर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। महिला 30 सितंबर को जेल से बाहर आई थी। इसके बाद 8 अक्टूबर को उसने महिला थाने में मामला दर्ज करवाया। नर्स का आरोप- सीक्रेट कैमरे से अश्लील फोटो-वीडियो बनाए नर्स ने रिपोर्ट में बताया – वह निजी हॉस्पिटल में नर्सिंग का काम करती है। उसके आरोप के मुताबिक, हॉस्पिटल के मालिक और डॉक्टर ने महिला की डिलीवरी के समय चेंजिंग रूम में कपड़े बदलते वक्त सीक्रेट कैमरे से उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद उसे इसकी जानकारी देकर अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया और फोटो-वीडियो शेयर करने की धमकी दी। नर्स ने आरोप लगाया कि जनवरी 2024 में नाइट ड्यूटी के दौरान उसे लेबर रूम से जबरदस्ती पकड़कर कमरे में ले जाया गया। वहां फोटो शेयर करने की धमकी देकर और रुपए का डर दिखाकर रेप किया गया। उसका वीडियो भी बना लिया गया। इसके बाद वीडियो शेयर करने और बच्चों को मरवाने की धमकियां दी गईं। नर्स का आरोप है कि उसे रात में ड्यूटी पर बुलाकर लगातार यौन शोषण किया जाता रहा। परेशान होकर हॉस्पिटल जाना बंद किया नर्स ने रिपोर्ट में बताया कि 4 मार्च को उसके साथ हो रहे अपराध के डर से उसने हॉस्पिटल जाना बंद कर दिया। उसने डॉक्टर को मैसेज भी किया। आरोप है कि हॉस्पिटल नहीं आने पर डॉक्टर ने उसके घर आकर सुसाइड करने की धमकी दी। इसके बाद मजबूर होकर वह फिर से हॉस्पिटल जाने लगी। नर्स का आरोप है कि इस दौरान भी उसका यौन शोषण किया गया और उसके साथ मारपीट की गई। अश्लील वीडियो भेजने और स्टाफ के रेप का भी आरोप नर्स ने आरोप लगाया कि डॉक्टर उसे नग्न हालत वाले अश्लील वीडियो भेजता रहा। उसके मुताबिक, मई 2026 में डॉक्टर एक महीने के लिए विदेश यात्रा पर चले गए। 10 मई 2026 को हॉस्पिटल मैनेजर समेत दो लोगों ने उसे डराकर और धमकाकर बारी-बारी से रेप किया। नर्स का आरोप है कि जब वह चिल्लाई तो उसे बचाने के लिए आई दूसरी महिला स्टाफ को नौकरी से निकालने की धमकी दी गई। नर्स ने बताया कि उसने पूरी घटना अपने भाई और स्टाफ को बताई थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर डॉक्टर ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए और 22 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ ब्लैकमेल का झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया। महिला सेल की एएसपी कर रही जांच एसपी नितेश आर्य ने बताया कि महिला थाने में एक नर्स ने डॉक्टर, मैनेजर और एक स्टाफ के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पीड़िता का मेडिकल करवाने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले की जांच महिला सेल की एएसपी कर रही हैं।

