लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के बहाने ठगी:ग्वालियर में 80 साल की बुजुर्ग महिला के गहने ले भागी युवती

लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने के बहाने ठगी:ग्वालियर में 80 साल की बुजुर्ग महिला के गहने ले भागी युवती

ग्वालियर में लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर 80 साल की बुजुर्ग महिला के गहने चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवती ऑटो में बैठाकर बुजुर्ग को दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाती रही। इसके बाद भीड़ का डर दिखाकर उसके गहने उतरवाए और थैला लेकर फरार हो गई। घटना 5 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे से शाम 5 बजे के बीच की है। झांसी रोड थाना पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर शुक्रवार (9 अक्टूबर 2026) को मामला दर्ज कर संदेही युवती की तलाश शुरू कर दी है। CCTV में बुजुर्ग के साथ दिखी युवती पुलिस को एक स्पॉट के CCTV फुटेज मिले हैं, जिनमें बुजुर्ग महिला के साथ संदेही युवती दिखाई दे रही है। इसी आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने और तलाश में जुटी है। नेल पॉलिश खरीदने आई थी दुकान पर गली नंबर-1 की रहने वाली विद्या बाई कुशवाह (80) घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं। पीड़िता ने बताया कि 5 अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे वह दुकान पर अकेली थीं। तभी गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहने करीब 25-26 साल की एक युवती आई और नेल पॉलिश मांगने लगी। बातचीत के दौरान युवती ने उनसे पूछा कि ‘आपको लाड़ली बहना योजना का पैसा मिलता है या नहीं?’ बुजुर्ग ने मना किया तो उसने कहा कि ‘चलो, मैं अभी बाड़ा ऑफिस ले जाकर आपका फॉर्म भरवा देती हूं।’ इसके बाद वह बुजुर्ग महिला को ऑटो में बैठाकर बाड़ा नगर निगम के ऑफिस ले गई। ऑफिस का बहाना बनाकर दिनभर घुमाया शातिर युवती बुजुर्ग महिला को पहले बहोड़ापुर चौराहे ले गई। वहां कोई सरकारी दफ्तर न दिखने पर जब बुजुर्ग ने घर वापस छोड़ने को कहा, तो आरोपी युवती उन्हें पुरानी छावनी ले गई। बुजुर्ग के विरोध करने पर ऑटो वापस बाड़े की तरफ मोड़ा और सागर होटल वाली गली में ले जाकर उतार दिया। भीड़ का डर दिखाकर उतरवाए जेवर सागर होटल वाली गली में पहुंचकर युवती ने बुजुर्ग महिला से कहा ” महाराज बाड़ा पर बहुत भीड़ रहती है, कोई आपके जेवर काट लेगा। इन्हें उतारकर थैले में रख लो।” युवती के झांसे में आकर विद्या बाई ने अपने सोने के टॉप्स, सोने के मोतियों वाला मंगलसूत्र और पेंडल उतारकर छोटे थैले में रख लिए। इस थैले में चांदी की अंगूठी, 200 रुपए नकद, घर की चाबियों के दो गुच्छे और PAN कार्ड, वोटर आईडी भी रखे थे। इसके बाद युवती ने बातों-बातों में चकमा दिया और जेवरों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गई। ई-रिक्शा चालक ने छोड़ा घर, CCTV में कैद हुई शाम करीब 5:30 बजे एक ई-रिक्शा (टमटम) चालक की मदद से बुजुर्ग महिला घर पहुंचीं और परिजनों को आपबीती सुनाई। परिजन तुरंत उन्हें लेकर झांसी रोड थाने पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मामला जांच में लिया। शुक्रवार को झांसी रोड थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। इसके बाद CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। कुछ पॉइंट पर पीड़ित महिला के साथ आरोपी जालसाज युवती नजर आ रही है। थाना प्रभारी ने कहा- जल्द गिरफ्त में होगी झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव का कहना है कि इलाके के CCTV कैमरों की पड़ताल की गई है, जिसमें गुलाबी सूट पहने संदेही युवती नजर आई है। तलाश की जा रही है। जल्द वह पुलिस गिरफ्त में होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *