मुरादाबाद भाजपा में कलह और गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। सप्ताहभर पहले ही महानगर भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी और कार्यसमिति सदस्य राहुल सेठी ने महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला पर संगीन आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था। अब मानसरोवर वार्ड 9 के भाजपा पार्षद सुधीर सेठ ने महापौर विनोद अग्रवाल पर आरोप लगाते हुए अपने पद से त्याग पत्र दिया है। 2027 के चुनाव से ऐन पहले भाजपा में गुटबाजी चरम पर है।
वार्ड 9 मानसरोवर के पार्षद सुधीर सेठ ने मेयर विनोद अग्रवाल पर अनदेखी करने और उनके क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराने के आरोप लगाए हैं। सुधीर सेठ ने भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला को दिए इस्तीफे में कहा है कि वे पिछले 25 सालों से भाजपा के कार्यकर्ता हैं। 2023 में पार्टी ने उन्हें पार्षद पद का टिकट दिया और वे जीतकर पार्षद बने। सुधीर सेठ का आरोप है कि मेयर विनोद अग्रवाल शुरू से ही उनकी और उनके क्षेत्र की अनदेखी करते रहे हैं। इलाके में सफाई से लेकर विकास कार्य कराने तक में मेयर की कोई रुचि कभी नहीं रही। जिसकी वजह से वे आहत हैं और अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।
इसके पहले महानगर के कार्यसमिति सदस्य राहुल सेठी ने यह कहते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था कि महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला पार्टी को अपनी प्राइवेट कंपनी की तरह चला रहे हैं। राहुल ने गिरीश भंडूला पर आरोप लगाए थे कि वे अपनी पत्नी के नाम से नगर निगम में ठेकेदारी करते हैं। इसके अलावा भी कई संगीन आरोप राहुल सेठी ने महानगर अध्यक्ष पर लगाए थे।

