हाथरस शहर में गुरुवार को श्रीरामलीला महोत्सव के तहत श्रीराम बरात निकाली गई। चार घोड़ों पर सवार भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा में भगवान श्रीगणेश की झांकी भी शामिल रही। देर रात तक शहर में राम बरात की धूम रही और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हनुमान मंदिर में पूजा के बाद हुआ शुभारंभ राम बरात का शुभारंभ नयागंज की हनुमान गली स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुआ। रामलीला कमेटी और सार्वजनिक धार्मिक सभा के पदाधिकारियों ने चारों भाइयों के स्वरूपों की आरती उतारी और तिलक किया। इसके बाद आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा शहर में निकली। जगह-जगह हुआ स्वागत, गूंजे जयकारे राम बरात के रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के स्वरूपों की आरती उतारी और फूल बरसाकर स्वागत किया। देर रात आगरा रोड स्थित आवास विकास में बनी जनकपुरी में बरात का स्वागत किया गया। इस दौरान शहर ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में डॉ. अविन शर्मा, रामबहादुर यादव, मुकेश कुमार गौतम, कैलाश चंद्र अग्रवाल, रामअवतार यादव, राजेंद्र कुमार अग्रवाल, क्षमा शर्मा, ऋषिका भाटिया, अमित यादव, कृष्ण कुमार गौतम, राहुल चौधरी, सचिन माहेश्वरी, सिद्धार्थ बांठिया, विनय माहेश्वरी और देश दीपक रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

