Iran Weapons Production: ईरान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि देश की हथियार बनाने की क्षमता किसी भी लंबे समय तक चलने वाले युद्ध की सैन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरी तरह से काफी है। सरकारी टेलीविजन को दिए एक इंटरव्यू में ईरानी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल रजा तलाई-निक ने कहा कि युद्ध जैसे हालात के बावजूद, देश में हथियारों और गोला-बारूद का उत्पादन एक दिन के लिए भी नहीं रुका, बल्कि इसमें भारी बढ़ोतरी हुई है।
उत्पादन 2.5 गुना बढ़ा, सप्लाई कभी नहीं रुकी
सरकारी चैनल से बात करते हुए रजा तलाई-निक ने कहा कि ईरान के मौजूदा प्रोडक्शन सिस्टम में किसी भी लंबे समय तक चलने वाले संघर्ष के लिए जरूरी हथियार बनाने की पूरी क्षमता है। उन्होंने बताया कि युद्ध जैसे मौजूदा हालात में हथियारों का उत्पादन युद्ध से पहले के स्तर से 2.5 गुना बढ़ गया है। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान ने संभावित हमलों से निपटने के लिए पहले से ही सुरक्षित वैकल्पिक प्रोडक्शन साइट्स बनाई थीं, ताकि सैन्य निर्माण का काम कभी न रुके।
फ्रंटलाइन के अनुभव से अपग्रेड हो रहे हथियार
ईरानी प्रवक्ता ने बताया कि देश की रक्षा इंडस्ट्री को मजबूत करने के लिए लगभग 9,000 कंपनियां स्वेच्छा से सैन्य उत्पादन के काम में शामिल हुई हैं। इसके अलावा, युद्ध के मैदान से मिलने वाले सीधे फीडबैक के आधार पर हथियारों को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय के तकनीकी विशेषज्ञ फ्रंटलाइन पर मिसाइल लॉन्च क्रू, ड्रोन यूनिट, नौसेना और वायु सेना के साथ सीधे तालमेल बिठा कर काम कर रहे हैं। इस सहयोग से नए खतरों और असल लड़ाई के अनुभवों के आधार पर मिसाइलों और रक्षा प्रणालियों को तुरंत अपग्रेड करना संभव हो रहा है।
पहले अपनी सेना की जरूरत, फिर करेंगे सरप्लस हथियारों का निर्यात : रजा तलाई-निक
रजा तलाई-निक ने साफ किया कि ईरान की सर्वोच्च प्राथमिकता अपनी सेना की रणनीतिक जरूरतों को पूरा करना और अपनी संप्रभुता की रक्षा करना है। हालांकि, उत्पादन क्षमता में भारी बढ़ोतरी के बाद तेहरान अतिरिक्त हथियारों के निर्यात पर भी काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अभी ध्यान घरेलू रक्षा जरूरतों को पूरा करने पर है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय बाजार में निर्यात के लिए अतिरिक्त रक्षा उत्पादों की सप्लाई बढ़ाई जाएगी।


LIVE updates:
BIG UPDATE:
Iran Claims: Preparing Weapons for a Prolonged War