बरेली में सपा के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की सरकारी गाड़ी पर राजनीतिक नारे वाली तख्ती लगाने का मामला सामने आया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर की सरकारी गाड़ी के पीछे लगी तख्ती पर लिखा था- ‘शिक्षा विरोधी कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में…’। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। गुरुवार को अखिलेश यादव के आह्वान पर सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शन स्थल पर व्यवस्था संभाल रही पुलिस की गाड़ी पर यह तख्ती नजर आई। सरकारी वाहन पर राजनीतिक संदेश दिखाई देने के बाद पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। SP ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि CCTV फुटेज में एक व्यक्ति गाड़ी पर जानबूझकर तख्ती लगाता हुआ दिखाई दे रहा है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब जांच में यह भी देखा जा रहा है कि प्रदर्शन स्थल पर पुलिस वाहन तक वह व्यक्ति कैसे पहुंचा। तख्ती लगाते समय ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का ध्यान इस ओर क्यों नहीं गया, इसकी भी जांच की जाएगी।

