अयोध्या में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए बयान के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के बहबरमऊ गांव निवासी भाजपा नेता डॉ. रजनी सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह अखिलेश यादव की चुनौती का जवाब देते हुए अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडेय को चुनाव में हराने की बात कहते नजर आ रहे हैं। डॉ. रजनी सिंह ने वीडियो में कहा कि अखिलेश यादव ने जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे निचले पायदान के अंतिम सिपाही के तौर पर अखिलेश यादव को खुली चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी मुझे आदेश दें तो आपके पवन पांडेय की अयोध्या विधानसभा से जमानत जब्त करवाकर भेजूंगा।” उन्होंने इसे अखिलेश यादव और सपा के लिए खुला चैलेंज बताया। डॉ. रजनी सिंह ने कहा कि पवन पांडेय से उनकी कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। लेकिन जिस तरह से पवन पांडेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ललकारने और चुनौती देने की बात कही है, ऐसे में भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते चुनौती का सामना करना उनका पहला कर्तव्य है। वीडियो सामने आने के बाद अयोध्या की सियासत में बयानबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

