पंजाब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मेड संधू की हत्या के आरोपी को अहमदाबाद से पकड़ा

पंजाब में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मेड संधू की हत्या के आरोपी को अहमदाबाद से पकड़ा

Ahmedabad. पंजाब के बहुचर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मे़ड संधू उर्फ मधुसूदन संधू हत्याकांड में अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब के अमृतसर में तीन अक्टूबर को वारदात को अंजाम देने के बाद अहमदाबाद में आकर छिपे आरोपी परमिंदर प्रसाद उर्फ परमिंदर काका को क्राइम ब्रांच ने वाडज इलाके से पकड़ा है।

पकड़ा गया आरोपी परमिंदर काका, गोल्डी ढिल्लो उर्फ गुरप्रीत सिंह गिरोह का सदस्य है। गोल्डी ढिल्लो पंजाब के पटियाला के राजपुरा का निवासी है। यह लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गिरोह का अहम सदस्य है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग मामले में भी इसका नाम चर्चा में आया था। जून 2026 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की ओर से गोल्डी ढिल्लो पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

आरोपी परमिंदर ने संधू पर की थी गोलीबारी

अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच के उपायुक्त अजीत राज्यान ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गए आरोपी परमिंदर प्रसाद शार्पशूटर है। यह गोल्डी ढिल्लो गिरोह का सदस्य है। इसने ही तीन अक्टूबर को पंजाब के अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मेड संधू पर फायरिंग कर उसकी हत्या की थी। हत्या में उपयोग में ली गई बाइक का इंतजाम भी इसकी ओर से ही किए जाने की बात सामने आई है।

हत्या करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। आरोपी परमिंदर के अहमदाबाद में छिपे होने को लेकर अमृतसर पुलिस की ओर से इनपुट मिला था। इस पर काम किया गया और आखिरकार इसके वाडज इलाके में छिपे होने की पुख्ता सूचना पर इसे पकड़ लिया। इसके अहमदाबाद एवं गुजरात में संपर्कों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही लॉरेंस बिश्नोई एवं गोल्डी बराड़ के स्थानीय संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाएगी पुलिस

क्राइम ब्रांच ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू की है। पंजाब पुलिस को भी इसके पकड़े जाने की सूचना दे दी है। पंजाब पुलिस की एक टीम अहमदाबाद आने को रवाना हो गई है। अमृतसर केन्टोनमेंट थाने में इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *