झालावाड़ जिले में ‘गिव-अप अभियान 2.0’ शुरू किया गया है। इसका मकसद राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ सही और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना है। यह अभियान राज्य सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने अक्टूबर से दिसंबर तक चलाया है। अभियान के तहत, ऐसे परिवार जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं या योजना के नियमों के अनुसार अपात्र हैं, उन्हें स्वेच्छा से अपना नाम हटाने के लिए कहा जाएगा। सरकार चाहती है कि योजना का फायदा सिर्फ गरीब और असहाय लोगों को मिले। विभागीय टीमें घर-घर जाकर राशन कार्डधारियों की पात्रता जांचेंगी। जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी के मुताबिक, हर वार्ड का सर्वे अधिकतम दो दिन में पूरा होगा। यदि अपात्र परिवार स्वेच्छा से नाम नहीं हटवाते हैं, तो उन्हें नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

