डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार रात चाय की दुकान पर रुके तीन भाइयों पर अज्ञात बदमाशों ने साइकिल की चेन और लट्ठ से हमला कर दिया। हमले में करावाड़ा निवासी सुनील रोत गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके भाई मेहुल और दिनेश को बीच-बचाव के दौरान मामूली चोटें आईं। घटना के बाद सुनील को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चचेरी बहन को लेने आए थे डूंगरपुर मामले के अनुसार, शास्त्री कॉलोनी स्थित ओटा में यह वारदात हुई। करावाड़ा निवासी सुनील रोत अपने दो भाइयों मेहुल और दिनेश के साथ अपनी चचेरी बहन मानसी को लेने के लिए डूंगरपुर आए थे। इसी दौरान तीनों ओटा में एक चाय की दुकान पर चाय पीने के लिए रुक गए। चेन और लट्ठ से की मारपीट तीनों भाई चाय पी ही रहे थे कि अचानक कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन पर साइकिल की चेन और लट्ठ से हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले में सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, भाई मेहुल और दिनेश ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी मामूली चोटें आईं। अस्पताल में उपचार, बदमाशों की तलाश घटना के बाद घायल सुनील को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार अज्ञात बदमाशों की तलाश में जुटी है।

