नारनौल शहर में ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने पुलिस व होमगार्ड जवानों पर परेशान करने और बदले की कार्रवाई करने के आरोप लगाए हैं। इसी मामले को लेकर ई-रिक्शा चालक मनोज शर्मा और सिटी ऑटो सर्विस के प्रधान अमित चौहान सिटी थाने पहुंचे और SHO को शिकायत दी। चालकों ने आरोप लगाया कि CM विंडो पर शिकायत देने के बाद पिछले दो दिनों से ऑटो चालकों के ज्यादा चालान किए जा रहे हैं और चलती ई-रिक्शा की चाबी निकाली जा रही है। महावीर चौक पर निकाली चाबी मनोज शर्मा ने बताया कि 3 तारीख को वह अपनी भतीजी को परीक्षा दिलाने के लिए ई-रिक्शा से लेकर जा रहा था। महावीर चौक पर पुलिसकर्मी ने उसकी ई-रिक्शा की चाबी निकाल ली। उसने पुलिसकर्मी से चाबी नहीं निकालने या फिर वाहन को इंपाउंड करने अथवा चालान करने की बात कही। आरोप है कि इसके बाद चाबी दूसरे होमगार्ड कर्मचारी साहिल को दे दी गई और उसे करीब पौने घंटे तक खड़ा रखा गया। सीएम विंडो पर दी शिकायत मनोज के अनुसार चालान करने वाली मशीन पुलिसकर्मियों के पास नहीं थी। बाद में मशीन नांगल चौधरी से मंगवाई गई और चालान किया गया। उसने आरोप लगाया कि CM विंडो पर दी गई शिकायत वापस लेने के लिए भी उस पर दबाव बनाया जा रहा है। SHO ने शाम को दोनों पक्षों को बुलाया ऑटो यूनियन के प्रधान अमित चौहान ने बताया कि उन्होंने SHO से मामले में कार्रवाई की मांग की है। SHO ने शाम 4 बजे ई-रिक्शा चालक और संबंधित होमगार्ड कर्मचारी को आमने-सामने बैठाकर मामले का समाधान करने की बात कही। इसके बाद ऑटो चालकों ने SHO के संज्ञान लेने पर संतुष्टि जताई। चालकों ने आरोप लगाया कि कुछ होमगार्ड कर्मचारी चलती ई-रिक्शा से चाबी निकाल लेते हैं, जबकि उसमें सवारियां भी बैठी होती हैं। एक अन्य व्यक्ति ने होमगार्ड नवीन कुमार पर कथित तौर पर धमकी देने का आरोप लगाया। SHO बोले-नियम तोड़ने पर चालान सिटी थाना प्रभारी अनिल कमांडो ने बताया कि ऑटो चालकों की शिकायत थी कि होमगार्ड कर्मचारी उन्हें नाजायज परेशान कर रहे हैं, लेकिन ऐसा कोई मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि एक-दो ई-रिक्शा चालकों ने रेड लाइट क्रॉस की थी, जिस पर कार्रवाई की गई। चालकों को महावीर चौक और बस स्टैंड पर ई-रिक्शा लाइन में लगाने तथा जाम नहीं लगाने की हिदायत दी गई है।

