कैथल के युवक की अमेरिका में मौत:ब्रेन हैमरेज कारण, तीन साल पहले 42 लाख रुपए लगाकर गया

कैथल के युवक की अमेरिका में मौत:ब्रेन हैमरेज कारण, तीन साल पहले 42 लाख रुपए लगाकर गया

कैथल में पूंडरी क्षेत्र के गांव टयोंठा के रहने वाले करीब 26 वर्षीय युवक अजय चौधरी की अमेरिका में ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। युवक करीब 3 साल पहले अमेरिका गया था। अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। पास में रहने वाले उसके साथियों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने अजय को ये सोचकर विदेश भेजा था कि वहां जाकर दो पैसे कमाएगा और परिवार की गरीबी दूर करेगा, लेकिन अब अजय की मौत के बाद परिवार में मातम पसर गया है और उनके अरमानों पर पानी फिर गया है। सामाजिक संस्थाएं और परिवार के लोग सरकार से गुहार लग रहे हैं कि अजय के मृत शरीर को उसके गांव लाने में सहायता की जाए। दोस्तों और रिश्तेदारों से लिए थे रुपए अजय के चाचा विनोद कुमार ने बताया कि अजय 3 साल पहले करीब 42 लाख रुपए लगाकर अमेरिका गया था। इस समय वह शिकागो में रह रहा था और एक राशन के स्टोर पर काम कर रहा था। परिवार ने कुछ पैसे अपनी तरफ से जमा किए तो कुछ पैसे दोस्तों व रिश्तेदारों से उधार लिए थे। उसके बाद उसे अमेरिका भेजा था। अब करीब इतनी ही राशि उसके शव को भारत लाने पर खर्च करनी पड़ेगी। परिवार में माता पिता और एक बहन चाचा विनोद ने बताया कि अजय के परिवार में उसके पिता धर्म सिंह, माता रेखा रानी व एक छोटी बहन है। परिवार करीब पौना एकड़ जमीन पर खेती करता है और वे गांव में ही रहते हैं। उन्होंने सरकार से अपील की है कि अजय के शव को भारत लाने में सहयोग किया जाए। वहीं दूसरी ओर सामाजिक संस्थाएं और विदेश में रहने वाले लोगों के संगठन भी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अपील कर रहे हैं कि अजय के शव को भारत वापस लाने में सहयोग करें ताकि परिवार उसके अंतिम दर्शन कर सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *