दमोह के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के आनू गांव के पास बुधवार रात ट्रैक्टर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में चोपरा निवासी अजय पटेल (21) की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने ऑटो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर लगाया जाम युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सड़क पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक प्रदर्शन चला। सूचना पर हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर और एसडीएम सौरव गंधर्व मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। परिजनों बोले-जानबूझकर मारी टक्कर मृतक के बड़े पिता लालजू पटेल ने आरोप लगाया कि अजय को जानबूझकर ट्रैक्टर से टक्कर मारकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि अजय ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था और आनू गांव से घर लौट रहा था। परिजन जब संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचे तो तलवार लेकर धमकाने का भी आरोप लगाया। हालांकि पुलिस ने अभी जानबूझकर टक्कर मारे जाने की पुष्टि नहीं की है। घायल ने बताया-सामने से आया था ट्रैक्टर घायल घटेरा निवासी मनोज अहिरवार ने बताया कि वह करैया भदौली रेलवे स्टेशन पर काम करते हैं। वह साथी ईश्वर दास के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने एक बाइक को टक्कर मारी। अनियंत्रित बाइक उनकी बाइक से टकरा गई, जिससे वे दोनों भी घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने ऑटो से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश एसडीएम सौरव गंधर्व ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन परिजनों को दिया गया है। ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि मर्ग कायम किया गया है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि टक्कर जानबूझकर मारी गई थी। चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। आज गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

