आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, साथी झुलसा:नदी किनारे मछली पकड़ते समय हादसा, खेत में बंधी दो भैंसों की भी जान गई

आकाशीय बिजली गिरने से युवक की मौत, साथी झुलसा:नदी किनारे मछली पकड़ते समय हादसा, खेत में बंधी दो भैंसों की भी जान गई

श्रावस्ती में बुधवार दोपहर बाद मौसम बदल गया। तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी। शाम 7 बजे तक मिली जानकारी के अनुसार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक युवक की मौत हो गई। उसका साथी झुलस गया। गिलौला में खेत में बंधी दो भैंसों की भी मौत हो गई। मछली पकड़ने गए युवक पर गिरी बिजली हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के हरद्वारी मजरे के रहने वाले राजेश कुमार (31) गांव के साथियों के साथ सोनवा थाना क्षेत्र के बैभी गांव के पास राप्ती नदी में मछली पकड़ने गए थे। बताया गया कि उस समय मौसम साफ था। अचानक बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से राजेश गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साथी भी झुलसा राजेश के साथ मौजूद एक साथी भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गया। अन्य साथियों ने घटना की जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। खेत में बंधी दो भैंसों की मौत दूसरा हादसा गिलौला थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में हुआ। यहां विजय कुमार और उनके भाई पिकल की दो भैंसें खेत में बंधी थीं। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। दोनों भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक दोनों पशुओं की कीमत करीब 2 लाख रुपए थी। राजस्व और पशु चिकित्सा टीम ने किया निरीक्षण हादसे की सूचना पर लेखपाल अमित सिंह और पशु चिकित्सा अधिकारी विजय सिंह मौके पर पहुंचे। टीम ने नुकसान का जायजा लिया। पशु चिकित्सा अधीक्षक विजय सिंह ने जांच के बाद भैंसों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से होने की पुष्टि की। प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग दोनों घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की मांग की है। प्रशासन ने खराब मौसम में लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने की अपील की है। मवेशियों को भी सुरक्षित स्थान पर रखने को कहा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *