उदासीन ऋषि आश्रम में भंडारा:उमड़े श्रद्धालुओं ने चखा प्रसाद, माहौल भक्तिमय

उदासीन ऋषि आश्रम में भंडारा:उमड़े श्रद्धालुओं ने चखा प्रसाद, माहौल भक्तिमय

गुरु पर्व के पावन अवसर पर बरामदपुर स्थित ‘उदासीन ऋषि आश्रम’ में चल रहा तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। आश्रम के महंत सत्यानाम दास महाराज के कुशल सानिध्य में ध्वज पूजन, अरदास, विशेष हवन, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हवन-पूजन में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र व देश में सुख, शांति और लोककल्याण की कामना की। इस धार्मिक आयोजन में मऊ, आजमगढ़, बलिया, जौनपुर, अयोध्या, प्रयागराज और गोरखपुर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इसके अलावा कोलकाता, दिल्ली और पंजाब से भी आए गुरमुख श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में अपनी विशेष सहभागिता दर्ज कराई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीचंद की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद देसी घी से तैयार किए गए हलवे का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का भी आयोजन हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान पूरा आश्रम परिसर भगवान की भक्ति और जयकारों से गूंजता रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *