Shahdara में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला, Delhi Police ने चार नाबालिगों को पकड़ा

Shahdara में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर हमला, Delhi Police ने चार नाबालिगों को पकड़ा

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर पुलिस ने दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक घर में घुसकर हत्या करने के मामले में आरोपी और उसकी मामी पर कथित रूप से गोलीबारी और चाकू से हमला करने के मामले में चार नाबालिगों को पकड़ा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि यह हमला पिछले साल सीमापुरी इलाके में की गई एक बदमाश की हत्या का बदला लेने के किया गया था। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सोमवार रात नौ बजकर 20 मिनट पर फर्श बाजार थाने को भीखम सिंह कॉलोनी में स्थित एक घर पर गोलीबारी के संबंध में सूचना मिली जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने 21 साल के जावेद को गोली लगने और चाकू से हमले की वजह से जख्मी हालत में पाया।

साथ में उसकी मामी मैमूना बीबी (31) भी इस हमले में जख्मी हो गईं। पुलिस ने बताया कि दोनों घायलों को इलाज के लिए हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया और इस बाबत हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया। मीणा के अनुसार, जांच में सामने आया कि घायल जावेद सीमापुरी इलाके के बदमाश अकबर की हत्या से संबंधित मामले में आरोपी है और फरार था।

इस मामले में सात आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि टीम ने उस पर हमला करने में शामिल आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया। पुलिस ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात में टीम को संदिग्धों के संबंध में सूचना मिली जिसके बाद घटना में कथित रूप से शामिल चार नाबालिगों को पकड़ लिया गया तथा उनके पास से अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक अर्धस्वचालित पिस्तौल, दो कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए।

डीसीपी के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनका आका वसीम पिछले साल कत्ल किए गए अकबर का दोस्त था और उसने इस हत्या का बदला लेने के लिए नाबालिगों से कहा था। पुलिस ने यह भी बताया कि शास्त्री पार्क इलाके के खराब चरित्र (बीसी) के व्यक्ति वसीम की इस साल जनवरी में उसके भतीजे ने हत्या कर दी थी। अधिकारी ने बताया कि नाबालिगों ने अपने आका की इच्छा पूरी करने का फैसला किया और फिर जावेद के आवास का पता लगाया, वहां टोह ली तथा उसकी उपस्थिति की पुष्टि होने पर सोमवार रात कथित रूप से हमला कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *