भारत और वेस्टइंडीज की टीमें बुधवार दोपहर चार्टर्ड फ्लाइट से रांची पहुंची। दोनों टीमों को रेडिसन ब्लू होटल में ठहराया गया है। वहीं, प्लेयर्स के आने के पहले ही एयरपोर्ट पर क्रिकेट के फैंस बड़ी संख्या में जुट गए थे। गुरुवार को जेएससीए स्टेडियम में दोनों टीमों का अभ्यास होगा। जेएससीए उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि गुरुवार को दोनों सत्रों में खिलाड़ियों का अभ्यास होगा। इधर, रांची में मंगलवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश के बावजूद सैकड़ों क्रिकेट प्रशंसक भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले का टिकट खरीदने जेएससीए स्टेडियम के काउंटर पर पहुंचे। बारिश में भीगते हुए प्रशंसक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दो दिनों में ऑफलाइन 18,233 टिकटों की हुई बिक्री
पहले दिन ऑनलाइन और ऑफलाइन मिलाकर कुल 8033 टिकट बिके थे। दूसरे दिन काउंटर से करीब 10200 टिकट बिके। इस तरह दो दिनों में 18233 से अधिक टिकट बिक चुके हैं। जेएससीए ने जानकारी दी है कि बुधवार को ऑनलाइन टिकट बिक्री जारी रहेगी।

