Drishyam 3 Supporting Characters: ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में पुलिस और कानून को एक बार फिर चकमा देने का श्रेय भले ही विजय सलगांवकर (अजय देवगन) के शातिर दिमाग को जाता है, लेकिन उसकी चाल सेविओ और रघु जैसे आम किरदारों के बिना पूरी नहीं होती। कहानी में एक और नाम ‘सिस्टर परेरा’ भी है, जो असल में कोई सहयोगी नहीं, बल्कि विजय की गढ़ी हुई एक नकली पहचान है। ये तीनों नाम मिलकर फिल्म का सबसे बड़ा गेम प्लान करते हैं।
कब्रिस्तान का केयर टेकर ‘सेविओ’
अगर आपने दृश्यम फ्रेंचाइजी का दूसरा पार्ट ‘दृश्यम 2’ देखा है तो आपको याद होगा कि इसमें विजय की लिखी फिल्म के ‘क्लाइमेक्स’ का जिक्र आता है। उसमें हीरो एक कब्र खोदने वाले से दोस्ती करता है, ताकि वो सैम की उम्र और जेंडर के किसी दूसरे लड़के का कंकाल हासिल कर सके। यह कब्र खोदने वाला सेविओ है।
अब ‘दृश्यम 3’ में यही सेविओ सबसे बड़े किरदार में नजर आता है जो विजय की मदद करता है। फिल्म में दिखाया गया है कि सेविओ पुलिस के सामने अपना बयान देता है, लेकिन जब कोर्ट में जज के सामने उससे पूछा जाता है तो वो अपने बयान से मुकर जाता है और कहता है कि पुलिस ने दबाव बना कर यह बयान लिया था। कहानी का अहम मोड़ तब आता है, जब सेविओ को उम्मीद थी कि विजय अदला-बदली के बाद क्रिस्टोफर का कंकाल लौटा देगा। विजय एक रेप्लिका हासिल करता है और सेविओ की मदद से उसे चुपचाप क्रिस्टोफर की कब्र में रख देता है। यानी जिस कब्र की खुदाई से सच सामने आ सकता था, उसमें भी विजय की ओर से तैयार किया हुआ सबूत मौजूद है।
मेडिकल कॉलेज का गार्ड रघु, जिसने 23 जुली को दिया है विजय का साथ
रघु जिला मेडिकल कॉलेज का सिक्योरिटी गार्ड है। दृश्यम 2 में विजय अपनी काल्पनिक फिल्म में उसे हीरो का रोल देने के बहाने दोस्ती करता है। दृश्यम 3 में पुलिस की निगरानी में यह बात सामने आती है कि विजय का एक स्थानीय चर्च में आना-जाना है और वह उसी मेडिकल कॉलेज के गार्ड रघु का दोस्त है, जहां पहले सबूत रखे गए थे।
रघु पुलिस के सामने कबूल करता है कि 23 जुलाई 2021 की रात विजय उसके साथ कॉलेज में था। उसी दिन पांडोलेम पुलिस स्टेशन से कंकाल मिला था। दोनों ने साथ शराब पी और बेहोश हो गए। अदालत में भी रघु इसी बात पर कायम रहता है। उधर विजय अपनी चालाकी से ऑडियो रिकॉर्डिंग में खुद को घर पर मौजूद होने का सबूत देता है, जिससे पुलिस भी उलझन में पड़ जाती है।
क्या है ‘सिस्टर परेरा’ का सच
‘दृश्यम 3’ को लेकर सोशल मीडिया पर ‘सिस्टर परेरा’ की चर्चा हो रही है, जिसको विजय सलगांवकर का साथ देने वाला एक चेहरा बताया जा रहा है। लेकिन यह विजय के चालक दिमाग का खेल है। पोलिश की छानबीन के दौरान कब्र की खुदाई टालने के लिए ‘सिस्टर परेरा’ के नाम से व्हाट्सप्प ग्रुप में लोगों को चेताता है कि सरकार जमीन पर कब्जा करने के लिए चर्च और कब्रिस्तान गिराने की तैयारी में है। और इसे सच साबित करने के लिए वो जेसीबी ऑपरेटर्स और मजदूरों का जुगाड़ भी करता है।
इसलिए कहा जा सकता है कि ‘सिस्टर परेरा’ विजय का सबसे चालाक मोहरा है, एक ऐसा दांव, जिसके जरिए वह पूरे समुदाय को धर्म के नाम पर अपने साथ कर लेता है और पुलिस की कार्रवाई को निष्फल कर देता है।
इन तीनों किरदारों के जरिए फिल्म में दिखाया गया है कि विजय की ताकत सिर्फ उसकी चालाकी और दिमाग में नहीं, बल्कि सही समय पर सही लोगों का भरोसा जीतने में भी है।
दृश्यम 3 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’, 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। दृश्यम फ्रैंचाइजी की ये आखिरी कड़ी है, जिसमें अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन, कमलेश सावंत, ईशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे पुराने एक्टर्स के साथ जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एक्टिंग की काफी तारीफ हो रही है। बता दें कि ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत करते हुए रिलीज के 5 दिनों में लगभग 213 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है।

