रोहतक के सिविल अस्पताल में देर रात को वाशरूम में गई मां-बेटी पहली मंजिल से नीचे गिर गई। गिरने के कारण दोनों को चोट आई। हादसे के बाद सिविल अस्पताल का प्रशासन करीब आधे-पौने घंटे बाद पहुंचा और दोनों को संभाला। दोनों अभी सिविल अस्पताल में भर्ती है। मरीज सोनिया ने बताया कि वह हाथ का ऑपरेशन करवाने के लिए सिविल अस्पताल आई थी, जहां कल ही उसका ऑपरेशन हुआ है। रात के समय उसे वाशरूम जाना था, लेकिन अंधेरा अधिक था क्योंकि लाइट नहीं थी। वह अपनी मां के साथ वाशरूम में गई, जहां दरवाजा खोलकर पैर रखा तो वह नीचे गिर गई। बचाने के लिए मां ने हाथ बढ़ाया तो वह भी गिरी
सोनिया ने बताया कि उसके गिरने की आवाज जब मां ने सुनी तो उसकी मां ने हाथ बढ़ाया और पैर रखा तो मां भी नीचे गिर गई। करीब आधे पौने घंटे बाद सिविल अस्पताल के प्रशासन ने नीचे से दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला और टीका लगाया। पहली मंजिल ने नीचे की हाइट करीब 10 से 12 फुट होगी। अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर हो कार्रवाई
सोनिय ने बताया कि डॉक्टरों ने अभी तक उसके हाथ का एक्स-रे नहीं किया है, क्योंकि उसके दाहिने हाथ में ही चोट लगी है और इसी हाथ का ऑपरेशन भी हुआ है। दरवाजा पर ताला क्यों नहीं लगा रखा था, किसकी लापरवाही है, उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही ऐसी लापरवाही दोबारा ना हो, इसका ध्यान रखना चाहिए। अंधेरे में बेटी को वाशरूम लेकर गई तो हादसा हुआ
अमनी देवी ने बताया कि उसकी बेटी का कल ऑपरेशन हुआ था, जिसे रात के समय वाशरूम लेकर गई थी। लाइट न होने के कारण अंधेरा था, जिसके कारण वाशरूम में अंदर जाते ही दरवाजा खोला तो उसकी बेटी पानी व सीवर के पाइप वाली जगह में नीचे गिर गई। उसे बचाने के चक्कर में वह भी नीचे गिर गई। पाइप के सहारे ऊपर आकर लोगों को बताया
अमनी देवी ने बताया कि वह पाइप के सहारे ऊपर आई और इसके बारे में बताया। करीब आधे पौने घंटे बाद बेटी को नीचे से दरवाजा खोलकर बाहर निकाला। इस प्रकार का हादसा किसी भी मरीज के साथ हो सकता है, इसलिए ऐसी जगह पर दरवाजे के ऊपर ताला होना चाहिए। यह लापरवाही अस्पताल की है। अस्पताल में काम चल रहा, लापरवाही के लिए जिम्मेदार पर होगी कार्रवाई
सीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र ने बताया कि अस्पताल में मरम्मत का काम चल रहा है, जिसके कारण सीवर व पानी की पाइप लाइन वाली डक के दरवाजे की चाबियां पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों के पास है। रात को एक हादसा हुआ है, जिसकी जांच चल रही है। इसके लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।

