Gold Chain सहारनपुर की यह घटना आपको हैरान कर देगी। यहां कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में भागवत कथा सुनने आई पांच महिलाओं के गले से शातिर चोरों ने सोने की चेन साफ कर दी। इससे भी अधिक हैरान कर देने वाली बात यह है कि इन महिलाओं को पता ही नहीं चला कि इनके गले से कब और किसने चेन को गायब कर दिया। पांचों महिलाएं एक साथ पुलिस थाने पहुंची। पहले पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन जब कोई सुराग हाथ नहीं लगा तो FIR दर्ज कर ली गई।
कथा के चौथे दिन हुई घटना
मामला कोतवाली सदर बाजार के मोहल्ला चंद्रनगर का है। इसी मोहल्ले में महाराणा प्रताप पार्क है। यहां 29 सितंबर को श्रीमद भागवत कथा शुरू हुई। शाम को तीन बजे से छह बजे तक रोजाना कथा होती रही। रोजाना महिलाएं बच्चे और पुरुष कथा सुनने आते रहे और सबकुछ सामान्य ढंग से चलता रहा। दो अक्टूबर की दोपहर कथा के बाद पांच महिलाओं ने पाया कि उनके गले से सोने की चेन गायब हैं। इस घटना से कथा स्थल पर हड़कंप मच गया।
एक साथ पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब
एक साथ पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन गायब होने की घटना की सूचना पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस भी कथा स्थल पर आ गई। आस-पास के कई सीसीटीवी कैमरा खंगाले गए लेकिन कोई सटीक सुराग हाथ नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं से कहा कि जांच की जा रही है जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के पकड़ा जाएगा लेकिन महिलाओं का सोने के प्रति प्रेम और सोने की बढ़ती कीमतों ने उन्हे परेशान कर दिया। सभी पांच महिलाएं कोतवाली सदर बाजार पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। पूरी घटना की जांच की जा रही है।
महिलाएं बोली भागवत जी देंगी चोरों को सजा
कथा सुनने आई महिलाएं बबली देवी निवासी नवीन नगर, दीक्षा वालिया निवासी चंद्रनगर, मनीषा निवासी चंद्र नगर, तनु शर्मा निवासी चंद्र नगर, चम्पा वर्मा निवासी बसंत विहार ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना की तरह दो सितंबर को तीन बजे कथा सुनने के लिए पहुंची थी। उस दिन की कथा का विराम हुआ तो करीब छह बजे उन्होंने पाया कि गले से सोने की चेन गायब है। आस-पास तुरंत तलाश शुरू की लेकिन कुछ भी बता नहीं चला। एक के बाद एक पांच महिलाएं सामने आई जिनके गले से सोने की चेन गायब थी। इन महिलाओं ने रिपोर्ट तो दर्ज करवा दी है लेकिन महिलाओं का कहना है कि अब तो भागवतजी ही इन चोरों के सबक सिखाएंगी।
धार्मिक कार्यक्रमों में हो रही सीरियल घटनाएं
यह पहली बार नहीं है कि सहारनपुर में किसी धार्मिक आयोजन के दौरान महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी हुई हों। धार्मिक आयोजनों में महिलाओं के गले से सोने के गहने चुराए जाने की सीरियल घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में सामने आए कुछ मामले आपके साथ साझा कर रहे हैं।
10 अगस्त को देहरादून के होटल वायसराय में चल रही पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में भी चार महिलाओं के सोने के गहने चोरी कर लिए गए
15 जून को मध्यप्रदेश पुलिस ने कथा से महिलाओं के गहने चोरी करने वाले गैंग की महिला सदस्यों को गिरफ्तार किया था। इन्होंने पुलिस को बताया था कि लग्जरी कार, महंगे कपड़े और महंगे फोन लेकर ये कथा में जाती थी और महिलाओं के गहने चोरी कर लेती थी।
20 अगस्त को देहरादून पुलिस ने पंजाब के पटियाला के चर्चित समाना गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया था। यह गैंग इसी तरह से कथा में महिलाओं को निशाना बनाता था।
पिछले महीने रायपुर में देवकीनंदन की कथा के दौरान कलश यात्रा में पांच महिलाओं के गले से सोने की चेन चोरी कर ली गई थी।
26 सितंबर को लुधियाना में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के धार्मिक आयोजन के दौरान वायुसेना के विंग कमांडर की मां के गले से स्नेचर सोने की चेन झपट ले गए।
पिछले महीने जालौन में चल रही भागवत कथा से भी चार महिलाओं की सोने की चेन इसी तरह से चोरी कर ली गई।

