कैथल में आज विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन पुलिस लाइन मैदान में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू होगा। इस मौके पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही स्थानीय अतिथियों द्वारा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलित कर यात्रा निकाली जाएगी। भापा पदाधिकारी शामिल होंगे कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, बीजेपी जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला परिषद के चेयरमैन कर्मबीर कौल, लेबरफेड के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल सहित नगर निकाय, पंचायत समिति के चेयरमैन शामिल होंगे। एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में अधिकारियों को बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। एडीसी ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों, नीतियों और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। विभागों ने की तैयारियां पुलिस विभाग द्वारा यातायात व सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिला नगर आयुक्त एवं नगर परिषद कैथल पुलिस लाइन मैदान में साफ-सफाई, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता के साथ-साथ सभी चौकों की सफाई करवाई गई है। जन स्वास्थ्य विभाग आमजन के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। बिजली विभाग निर्बाध बिजली व्यवस्था को सुनिश्चित करेंगे। सिविल सर्जन द्वारा प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, एंबुलैंस की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

