बालोद शहर में 22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक के आरोपियों को पुलिस मंगलवार को नगर भ्रमण के लिए लेकर निकली तो भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपियों को देखते ही सैकड़ों लोग उन्हें पीटने के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने सड़क पर ही आरोपियों को सजा देने की कोशिश की और फांसी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। स्थिति बिगडऩे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को चारों तरफ से घेर लिया और कड़ी सुरक्षा में नगर भ्रमण कराया। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें :
ओवरलोड वाहनों से सड़क हो रही खराब
शादी से इनकार बना हमले की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि एसिड अटैक की साजिश युवती के प्रेमी ने ही रची थी। नेवारीकला निवासी यश कुमार सोनकर (20) का युवती से प्रेम संबंध था। यश ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक इससे नाराज यश ने उसका चेहरा बिगाडऩे की साजिश रखी। उसे संदेह था कि युवती किसी अन्य युवक से भी बातचीत करती है। पुलिस के अनुसार यश विज्ञान का छात्र रहा है और उसे तेजाब के प्रभाव की जानकारी थी। वारदात के लिए तेजाब दुर्ग से मंगवाया गया था। उसने अपने स्कूली दोस्त करण कुंजाम (20), निवासी भैरमगढ़, बीजापुर को इस साजिश में शामिल किया।

तीन महीने से चल रही थी तैयारी
दोनों आरोपी करीब तीन महीने से हमले की योजना बना रहे थे। यश ने 26 सितंबर को करण को बालोद बुलाया था। अगले दिन गणेश झांकी के दौरान युवती पर हमला करने की योजना बनाई गई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के कारण दोनों सफल नहीं हो सके। इसके बाद 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 12.30 बजे युवती आमापारा स्थित लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास पहले से मौजूद करण ने यश के इशारे पर युवती पर तेजाब फेंक दिया। इसके बाद वह तांदुला बांध की ओर भागा और वहां से लिफ्ट लेकर झलमला व मरकाटोला होते हुए आगे निकल गया। पुलिस ने पीछा करते हुए उसे कोंडागांव क्षेत्र से हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें :
गणेश विसर्जन : तेज आवाज और फूहड़ गानों पर पुलिस का शिकंजा, 9 डीजे जब्त
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से खुला राज
घटना के बाद एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ शहर के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। संदेह के आधार पर यश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पूछताछ में साजिश सामने आ गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का नाट्य रूपांतरण कराया और इसकी वीडियोग्राफी की। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तेजाब और कपड़े भी जब्त किए गए। पुलिस ने घटना के करीब आठ घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
हमलावर की तीन दिन पहले हुई थी शादी
करण कुंजाम की शादी वारदात से महज तीन दिन पहले हुई थी। पुलिस के मुताबिक इसके बावजूद वह यश की साजिश में शामिल हुआ और बालोद पहुंचकर युवती पर तेजाब फेंका। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा गया।
पीड़िता खतरे से बाहर, अस्पताल पहुंचीं विधायक
एसिड अटैक में घायल युवती का रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने अस्पताल पहुंचकर युवती से मुलाकात की। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
बच्चों के व्यवहार में बदलाव को नजरअंदाज न करें
घटना के बाद पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं के व्यवहार में अचानक होने वाले बदलावों पर ध्यान देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि बच्चों के मित्रों, संपर्कों और रिश्तों को लेकर परिवार में खुला संवाद जरूरी है। पीछा करने, धमकाने या परेशान करने जैसी शिकायत को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमार सोनकर (20) वार्ड 11, ग्राम नेवारीकला, जिला बालोद और करण कुंजाम (20) वार्ड 15, भैरमगढ़, जिला बीजापुर।

