इंडोनेशिया में आज एक दर्दनाक रोड एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। ईस्ट नुसा तेंगारा (East Nusa Tenggara) के लेम्बाटा रीजेंसी (Lembata Regency) में आज, मंगलवार, 6 अक्टूबर को बाउपाना गांव से बनिटोबो गांव के रास्ते पर रेत ले जा रहा डंप ट्रक पलट गया। इस रोड एक्सीडेंट से हाहाकार मच गया। हादसे के समय डंप ट्रक में 15 लोग सवार थे।
5 लोगों की हुई मौत
स्थानीय पुलिस ने जानकारी दी कि इस ट्रक एक्सीडेंट में 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान भी उजागर कर दी गई है। मरने वालों में 34 वर्षीय मार्लिना केवा लामाटारो 72 वर्षीय मोनिका केवा लासर, 60 वर्षीय टियोडोरा मैगी 62 वर्षीय मारिया मिकेला गेटे रांग और 52 वर्षीय योहाना उरी शामिल हैं।
10 लोग घायल
इस ट्रक एक्सीडेंट में 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस और स्थानीय निवासियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से 7 को आगे के मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए लेवोलेबा रीजनल हॉस्पिटल रेफर किया गया। मामूली चोटों वाले एक व्यक्ति का हाडाकेवा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में इलाज किया जा रहा है, जबकि दो लोग इलाज के बाद डिस्चार्ज होकर घर लौट गए हैं।
ड्राइवर गिरफ्तार
डंप ट्रक किस वजह से पलटा, फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है, जिससे एक्सीडेंट की वजह का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। लेम्बाटा ट्रैफिक पुलिस यूनिट के हेड फर्स्ट इंस्पेक्टर जनुआर्दना राम्बी ने बताया कि डंप ट्रक में सवार कई यात्री टक्कर लगने से ट्रक के अंदर रेत के नीचे दब गए, जिससे 5 लोग मारे गए और 10 घायल हो गए।
इंडोनेशिया में रोड एक्सीडेंट्स गंभीर समस्या
इंडोनेशिया में रोड एक्सीडेंट्स गंभीर समस्या हैं। 2024 में इंडोनेशिया में 150,906 रोड एक्सीडेंट्स हुए, जिनमें 26,839 मौतें हुईं। 16,601 लोग गंभीर रूप से घायल हुए और 183,995 लोगों को मामूली चोटें आईं। 2025 में रोड एक्सीडेंट्स के 1,41,608 मामले सामने आए, जिनमें 21,525 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। लापरवाही, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, खराब सड़कें और पहाड़ी इलाकों में खतरनाक परिस्थितियों के कारण देश में रोड एक्सीडेंट्स के इतने ज़्यादा मामले देखने को मिलते हैं।

