नवरात्रि में घर को दें फेस्टिव लुक, पुरानी चूड़ियां, दुपट्टा, कांच की बोतल और मटकी से बनाएं डेकोर

नवरात्रि में घर को दें फेस्टिव लुक, पुरानी चूड़ियां, दुपट्टा, कांच की बोतल और मटकी से बनाएं डेकोर

DIY Home Decor: नवरात्रि आने में अब ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। ऐसे में घर की सफाई करने के साथ ही घर सजाने की तैयारियों में भी लोग जुट गए हैं। ऐसे में अगर आप घर को खासकर पूजा की जगह, मुख्य दरवाजे और घर के किसी खाली कोने को फेस्टिव लुक देने के लिए नए डेकोरेशन आइटम खरीदने के बजाय घर पर ही कुछ बनाने का सोच रहे हैं, तो यहां बताए गए DIY आइडिया आपके काम आ सकते हैं। घर में रखी पुरानी चीजों को थोड़ी सी क्रिएटिविटी के साथ नवरात्रि के लिए खूबसूरत डेकोर में बदला जा सकता है।

पुरानी चूड़ियों से बनाएं तोरण

अगर आपके पास ऐसी चूड़ियां हैं जिन्हें अब आप पहनती नहीं हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय दरवाजे की सजावट के लिए इस्तेमाल कर सकती हैं। अलग-अलग रंगों की चूड़ियों को एक साथ जोड़कर गोल पैटर्न बनाएं। इसके बाद इनमें रंगीन धागा, मोती, छोटी घंटियां, लेस या लटकन लगाई जा सकती हैं।

इन तैयार चूड़ी के डिजाइन को मजबूत धागे या रिबन की मदद से एक लाइन में जोड़ें और दरवाजे पर टांग दें। लाल, पीले, हरे और सुनहरे रंग नवरात्रि के फेस्टिव माहौल के साथ अच्छे लग सकते हैं। इसके अलावा, आप चाहें तो इसमें बैटरी वाली इलेक्ट्रिक कैंडल या एलईडी लाइट भी लगाकर इसे और आकर्षक बना सकती हैं।

दुपट्टे को बनाएं बैकड्रॉप

अलमारी में रखा कोई पुराना दुपट्टा अगर अब पहनने के काम नहीं आता, लेकिन उसका रंग या बॉर्डर सुंदर है, तो उसे नवरात्रि की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है। खासकर लाल, पीले, गुलाबी, नारंगी या गोटा पट्टी वाले दुपट्टे पूजा की जगह को फेस्टिव लुक दे सकते हैं। दुपट्टे को पूजा की जगह के पीछे दीवार पर साफ तरीके से लगाकर बैकड्रॉप तैयार करें। इसके ऊपर फूलों की छोटी लड़ियां, बंदनवार या हल्की लाइट्स लगाई जा सकती हैं।

कांच की बोतल से बनाएं लैंप

घर में रखी खाली कांच की बोतल को भी नवरात्रि डेकोर का हिस्सा बनाया जा सकता है। सबसे पहले बोतल को अच्छी तरह साफ करके पूरी तरह सुखा लें। इसके बाद बाहर से जूट की रस्सी, रंगीन रिबन या सजावटी लेस लपेटें। बोतल के अंदर छोटी बैटरी वाली फेयरी लाइट या एलईडी टी लाइट रखकर इसे पूजा की जगह, खिड़की या किसी खाली कोने में रखा जा सकता है। इससे शाम के समय हल्की रोशनी के साथ खूबसूरत माहौल बनेगा।

पुरानी मटकी को दें फेस्टिव लुक

अगर घर में पुरानी मिट्टी की मटकी रखी है तो उसे भी नया रूप दिया जा सकता है। मटकी को पहले साफ करें और सूखने के बाद उस पर अपनी पसंद के रंग से छोटे फूल, पत्तियां, ज्योमेट्रिक डिजाइन या पारंपरिक पैटर्न बनाएं।मटकी के मुंह के आसपास गोटा पट्टी, लेस या रंगीन कपड़ा लगाया जा सकता है। इसके अंदर आर्टिफिशियल फूल रखकर इसे पूजा की जगह के पास रखा जा सकता है। चाहें तो मटकी के आसपास छोटी सजावटी घंटियां या रिबन भी लगा सकती हैं।

पुरानी चीजों से बनाएं वॉल डेकोर

अगर घर की किसी दीवार का छोटा हिस्सा खाली है तो वहां अलग-अलग पुरानी चीजों को मिलाकर एक छोटा फेस्टिव कॉर्नर बनाया जा सकता है। पुरानी चूड़ियों को गोल आकार में लगाकर उनके बीच मोती, लेस या छोटे आर्टिफिशियल फूल लगाए जा सकते हैं। इन गोल डिजाइन को दीवार पर एक साथ लगाने से एक पैटर्न तैयार हो जाएगा। इसके बीच में छोटा मिरर या सजावटी फूल लगाकर इसे और आकर्षक बनाया जा सकता है। इस तरह बिना कोई बड़ा डेकोरेशन पीस खरीदे खाली दीवार को नवरात्रि के लिए तैयार किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *