शिव मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर हंगामा:विधायक बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, एसडीएम की निगरानी में बनेगा मंदिर का नया ट्रस्ट

शिव मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर हंगामा:विधायक बोले- आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, एसडीएम की निगरानी में बनेगा मंदिर का नया ट्रस्ट

बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र स्थित विकासखंड भदपुरा के गांव महेशपुर में मंगलवार को प्राचीन शिव मंदिर की भूमि पर कथित कब्जे का मामला तूल पकड़ गया। ग्रामीणों की शिकायत मिलते ही नवाबगंज से भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ सीधे मौके पर पहुंचे। विधायक ने सबसे पहले मंदिर में शिवलिंग का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर हर-हर महादेव के जयकारे लगाए और इसके बाद ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। धार्मिक स्थलों की पवित्रता से कोई समझौता नहीं
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने दो टूक कहा कि मंदिर की भूमि की किसी भी तरह की खरीद-फरोख्त, अवैध बिक्री या कब्जे की कोशिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धार्मिक स्थलों की आस्था, विरासत और उनकी पवित्रता से कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन की बंदरबांट और हेराफेरी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। एसडीएम की अध्यक्षता में बनेगा महेशनाथ मंदिर ट्रस्ट
विधायक ने आगे बताया कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत चर्चा हो चुकी है। मंदिर और उसकी परिसंपत्तियों की सुरक्षा के लिए जल्द ही ‘महेशनाथ मंदिर ट्रस्ट’ का गठन कराया जाएगा, जिसके अध्यक्ष उपजिलाधिकारी (एसडीएम) होंगे। इससे मंदिर की जमीन या संसाधनों का कोई भी व्यक्ति निजी लाभ के लिए गलत इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। मंदिर के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण के लिए विधायक ने अपनी ओर से 10 लाख रुपये देने की घोषणा की और क्षेत्रवासियों से भी ट्रस्ट के खाते में अपनी श्रद्धानुसार सहयोग करने की अपील की। गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
मौके पर पहुंचे एसडीएम सचिन यादव ने भरोसा दिलाया कि पूरे प्रकरण में पारदर्शी और न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विवादित जमीन को जल्द ही राजस्व अभिलेखों में मंदिर के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और जमीन के दस्तावेजों में हेरफेर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बड़ी संख्या में मौजूद रहे पदाधिकारी व ग्रामीण
इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष बाबूराम गंगवार, हिंदू जागरण मंच के उपाध्यक्ष हरपाल गंगवार, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. आशुतोष गंगवार, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र गंगवार पिंटू, भुवनेश गंगवार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य लेखराज गंगवार, शशि कपूर एडवोकेट, अरविंद शुक्ला, विनोद गुप्ता, सीओ नीलेश मिश्रा और थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल समेत भारी संख्या में पुलिस बल व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *