दौसा में BJP की सेवा ज्योति यात्रा कल:निकायों में स्पेशल कैंप लगेंगे; हथियार जमा करने के आदेश, पढ़ें जिले की खबरें

दौसा में BJP की सेवा ज्योति यात्रा कल:निकायों में स्पेशल कैंप लगेंगे; हथियार जमा करने के आदेश, पढ़ें जिले की खबरें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विकसित भारत संकल्प सभा के तहत राजस्थान भाजपा की ओर से सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। दौसा में यह यात्रा 7 अक्टूबर (बुधवार) को सुबह 10 बजे गायत्री पैलेस से शुरू होकर सोमनाथ सर्किल तक जाएगी। जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला ने बताया- यात्रा जिले के हर गांव में निकाली जाएगी। इसके जरिए आमजन तक विकसित भारत का संदेश पहुंचाया जाएगा। यात्रा में सुबह 10 बजे वंदे मातरम् गीत का गायन होगा। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा रवाना होगी। जिला मीडिया प्रभारी प्रेम हरितवाल ने बताया- कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राज्यवर्धन राठौड़, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, जिला संगठन प्रभारी प्रणवेंद्र शर्मा, जिला प्रभारी पंचायत चुनाव पूजा कपिल, वरिष्ठ नेता प्रत्याशी जगमोहन मीणा और जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। पढ़िए जिले की अन्य खबरें.. 1. नगरीय निकायों में 7 से 16 अक्टूबर तक लगेंगे स्पेशल कैंप जिले के नगरीय निकायों में 7 से 16 अक्टूबर तक स्पेशल कैंप लगेंगे। शहरी क्षेत्रों में आमजन को सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने और समस्याओं के समाधान के लिए सेवा सेतु अभियान के तहतये कैंप लगेंगे। नगर परिषद आयुक्त हंसा मीणा के मुताबिक नगर परिषद कार्यालय में लगने वाले शिविरों में शहर के सभी वार्डों के नागरिकों से संबंधित प्रकरण लिए जाएंगे। इनमें स्टेट ग्रान्ट, 69-ए एवं कृषि भूमि के पट्टे, भू-उपयोग परिवर्तन, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर से संबंधित कार्य तथा उप-विभाजन एवं एकीकरण के प्रकरणों का निस्तारण किया जाएगा।इसके साथ ही साफ-सफाई, सड़क एवं नाली की सफाई, कचरा संग्रहण, सार्वजनिक पार्कों एवं शौचालयों की सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, पेयजल एवं सीवर से संबंधित समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। नगर विकास न्यास दौसा-बांदीकुई कार्यालय में भी 7 से 16 अक्टूबर तक सेवा सेतु अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। न्यास सचिव गंगाधर मीणा के मुताबिक शिविरों में शहरी नागरिकों को प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं का शीघ्र निस्तारण करने के साथ जनसमस्याओं के समाधान तथा शहरी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने से संबंधित कार्य किए जाएंगे। 2. चुनाव ड्यूटी से मुक्ति के लिए मेडिकल बोर्ड से होगा चेकअप पंचायतीराज चुनाव के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए मतदान एवं मतगणना दलों में नियुक्त कार्मिकों की ओर से स्वास्थ्य संबंधी कारणों से चुनाव ड्यूटी से मुक्ति के लिए पेश किए जाने वाले आवेदनों की जांच विशेष मेडिकल बोर्ड से होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को विशेष मेडिकल बोर्ड गठित करने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से यह उल्लेख किया जाएगा कि संबंधित कार्मिक चुनाव ड्यूटी करने के लिए ‘फिट’ (समर्थ) अथवा ‘अनफिट’ (असमर्थ) है। यदि कोई कार्मिक ‘अनफिट’ पाया जाता है तो रिपोर्ट में उसके अस्वस्थ होने का उचित चिकित्सीय कारण स्पष्ट रूप से दर्ज करने के साथ संबंधित मेडिकल रिपोर्ट एवं आवश्यक चिकित्सीय साक्ष्य भी संलग्न किए जाएंगे। 3. पंचायत राज चुनाव के मद्देनजर शस्त्र जमा कराने के आदेश पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट डॉ. सौम्या झा ने जिले के शस्त्र अनुज्ञापत्रधारियों को अपने शस्त्र संबंधित पुलिस थाने में जमा कराने के आदेश दिए हैं। आदेश के अनुसार दौसा जिले में स्थायी या अस्थायी रूप से निवास करने वाले सभी शस्त्र अनुज्ञापत्रधारी, चाहे उनका लाइसेंस दौसा जिले से या अन्य जिले से जारी हुआ हो, आदेश जारी होने की तिथि 3 अक्टूबर से सात दिन के भीतर संबंधित थाने में शस्त्र जमा कर रसीद प्राप्त करें। सीमा सुरक्षा बल, अर्द्धसैनिक बल, सशस्त्र पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड तथा कानून-व्यवस्था के लिए हथियार रखने के अधिकृत केन्द्र एवं राज्य सरकार के कर्मचारियों पर यह आदेश लागू नहीं होगा। 4. पैकेजिंग लाइसेंस नहीं होने पर 10 हजार रुपए का जुर्माना डिब्बाबंद वस्तुओं की जांच के दौरान नियमों के अनुसार आवश्यक घोषणाएं नहीं पाए जाने पर संबंधित फर्मों को सुधार नोटिस दिए गए। पैकेजिंग लाइसेंस नहीं होने पर एक फर्म पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। विधिक माप विज्ञान अधिकारी नीरज वर्मा के मुताबिक- 5 और 6 अक्टूबर को बांदीकुई सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई थी। इस दौरान संगम इंडस्ट्री-बांदीकुई, अग्रवाल इंडस्ट्री-बांदीकुई, सैनी किराना एवं जनरल स्टोर-बांदीकुई, चरण किराना स्टोर-बांदीकुई, बीकानेर वाला-दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तथा गोविन्दर इंडस्ट्री-बापी में उपलब्ध डिब्बाबंद वस्तुओं की तौल, एमआरपी तथा पैकेट पर की गई आवश्यक घोषणाओं की जांच की गई। पैकेजिंग लाइसेंस नहीं होने पर एक फर्म पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। 5. यूआईटी के मास्टर प्लान-2047 में शामिल होंगी क्षेत्र की भविष्य की विकास जरूरतें दौसा-बांदीकुई नगर विकास न्यास (यूआईटी) क्षेत्र के आगामी वर्षों के विकास की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जीआईएस आधारित मास्टर डेवलपमेंट प्लान एवं जोनल डेवलपमेंट प्लान-2047 तैयार किया जा रहा है। मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में नगर विकास न्यास की अध्यक्ष डॉ. सौम्या झा की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। सभी संबंधित विभागों को वर्तमान सुविधाओं, चल रही योजनाओं तथा वर्ष 2047 तक की आवश्यकताओं और विकास प्रस्तावों का डेटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में कार्यकारी एजेंसी पीडीकोर लिमिटेड की ओर से मास्टर प्लान-2047 की कार्ययोजना और विजन-2047 पेश किया गया। इसमें बताया गया कि योजना के तहत क्षेत्र का सुनियोजित विकास, नगरीकरण को व्यवस्थित करना, भूमि उपयोग का निर्धारण तथा सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास की जरूरतों को चिन्हित किया जाएगा। 6. कलेक्टर ने की पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने मंगलवार को पंचायत राज चुनाव के सुचारू, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष संचालन के लिए विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों की ओर से की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रकोष्ठवार किए जा रहे कार्यों और आगामी तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में प्रत्येक प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी प्रभारी अधिकारी अपने प्रकोष्ठ से संबंधित कार्यों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में समन्वय या अन्य किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में मतदान एवं मतगणना दलों के गठन एवं प्रशिक्षण, कार्मिक व्यवस्था, निर्वाचन सामग्री, परिवहन, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न निर्वाचन व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि पंचायत राज आम चुनाव की प्रक्रिया व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से सम्पन्न कराई जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *