दशहरा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए डीडवाना नगर परिषद ने शहर में सफाई, रोशनी और आवारा पशुओं पर नियंत्रण की तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभापति पुष्पा जयकिशन बल्दुआ की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। वार्ड 1 से 60 तक विशेष सफाई अभियान चलाने, कुल 300 सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने और सभी वार्डों में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 60 वार्डों में विशेष सफाई अभियान सभापति ने वार्ड 1 से 60 तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर परिषद की ओर से 300 सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। इनमें 100 नए कर्मचारी टेंडर प्रक्रिया के जरिए रखे जाएंगे। सफाई व्यवस्था पर करीब एक करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। कर्मचारियों को सफाई कार्य के लिए जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया जाएगा। त्योहारों में शहर रोशन करने की तैयारी बैठक में शहर की रोशनी व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। सभी वार्डों में पर्याप्त लाइटें लगाने के साथ जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए। रोशनी व्यवस्था पर करीब 50 लाख रुपए खर्च होने की संभावना है। त्योहारों के दौरान प्रमुख मार्गों और शहर के अन्य हिस्सों में पर्याप्त रोशनी रखने पर जोर दिया गया। आवारा पशुओं पर भी रहेगी नजर त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए आवारा पशुओं पर नियंत्रण की योजना बनाने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद का उद्देश्य है कि दशहरा और दीपावली के दौरान सफाई, रोशनी के साथ शहर में आवागमन भी सुचारू रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

