पानीपत शहर में शराब के नशे में बाइक चलाने के आरोप को लेकर पुलिसकर्मी और युवक के बीच हुई बहसबाजी उस समय हाथापाई में बदल गई, जब एएसआई ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके जवाब में युवक ने भी एएसआई को थप्पड़ मार दिया। मामला बढ़ने पर एएसआई ने मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। अब एएसआई की शिकायत पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार एएसआई पवन ने युवक असलम निवासी विद्यानंद कॉलोनी पर शराब के नशे में बाइक चलाने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर एएसआई और असलम के बीच बहसबाजी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान असलम ने एएसआई पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। पहले एएसआई ने मारा थप्पड़, फिर युवक ने भी जड़ा बहसबाजी के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान एएसआई पवन ने असलम को थप्पड़ मार दिया। इसके ठीक बाद असलम ने भी एएसआई को थप्पड़ जड़ दिया। मौके पर हंगामा होने के बाद एएसआई ने पुलिस को सूचना दी। युवक हिरासत में, शिकायत पर कार्रवाई सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और असलम को हिरासत में ले लिया। पुलिस अब एएसआई पवन की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। दूसरी ओर, युवक की ओर से लगाए गए गाली-गलौज के आरोपों की भी जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

