हनुमानगढ़ टाउन की धानमंडी में काम करने के बाद सोमवार रात घर लौट रहे एक युवक को नशेड़ी प्रवृत्ति के कुछ लोगों की ओर से उठाकर ले जाने और बेरहमी से मारपीट कर अधमरा हालत में झाड़ियों में फेंकने का मामला सामने आया है। किसी राहगीर ने युवक को बेसुध हालत में देखा और राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। युवक के सिर, हाथों की अंगुलियों, रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें लगी हैं। टाउन के वार्ड नंबर 44 स्थित मुखर्जी कॉलोनी निवासी सफाई कर्मचारी निर्मला ने बताया कि उसका बेटा शुभम उर्फ प्रेम सोमवार रात धानमंडी में काम करने के बाद घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में मिले नशीले पदार्थ बेचने वाले पांच युवक उसे धानमंडी के पास स्थित बाबा मंगलनाथ के डेरे की ओर ले गए। वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अधमरा हालत में झाड़ियों में फेंककर आरोपी फरार हो गए। निर्मला के अनुसार राहगीर ने उसके बेटे को बेसुध हालत में देखा तो तत्काल राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। युवक के सिर में चोट लगी है। इसके अलावा दोनों हाथों की अंगुलियों और रीढ़ की हड्डी पर भी चोटें हैं तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। बंद वाटर वर्क्स का कमरा बना नशेड़ियों का ठिकाना नई धानमंडी निवासी विनोद लुगरिया ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने बाबा मंगलनाथ डेरे के पास बंद पड़े पुराने वाटर वर्क्स के कमरे में नशेड़ी प्रवृत्ति के लोगों के जमावड़े को लेकर आवाज उठाई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी का नतीजा है कि अब शुभम उर्फ प्रेम के साथ बेरहमी से मारपीट की घटना सामने आई है। उन्होंने बताया कि करीब 15 साल से बंद पड़े वाटर वर्क्स के कमरे में नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है और यह जगह नशे का अड्डा बन चुकी है। पूर्व में यहां नशे की ओवरडोज से एक युवक की मौत भी हो चुकी है। उन्होंने मांग की कि बंद पड़े कमरे को क्षतिग्रस्त किया जाए, ताकि यहां नशेड़ियों का आना-जाना बंद हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो मोहल्लेवासी कमरे को तोड़ने के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते इस स्थान पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में कोई बड़ी घटना हो सकती है

