देश में अराजकता फैले, वामपंथी सरकार बने, INDIA गठबंधन की यही इच्छा- सीएम फडणवीस का बड़ा आरोप

देश में अराजकता फैले, वामपंथी सरकार बने, INDIA गठबंधन की यही इच्छा- सीएम फडणवीस का बड़ा आरोप

INDIA Alliance Protest: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन के आंदोलन को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। फडणवीस ने दावा किया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश में अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों के मन में अविश्वास पैदा किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के बाद संविधान को नकारना विपक्षी गठबंधन की रणनीति का अगला कदम हो सकता है।

‘संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश’

मुंबई में कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि दिल्ली में विपक्ष की ओर से किए जा रहे आंदोलनों के जरिए संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। इन संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कमजोर करने के लिए लगातार यह संदेश दिया जा रहा है कि देश की संस्थाएं काम नहीं कर रही हैं और लोगों को न्याय नहीं मिल सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन की ओर इस तरह की धारणा बनाने के बाद अगला कदम संविधान पर ही सवाल खड़े करना हो सकता है। फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस नेता एक तरफ हाथ में संविधान लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी गतिविधियां संविधान की भावना के विपरीत हैं।

‘संविधान नकारने का षड्यंत्र’

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि संविधान से बनी संस्थाओं को लगातार बेकार बताने की कोशिश एक बड़ी राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पहले यह धारणा बनाई जा रही है कि संवैधानिक संस्थाएं काम नहीं कर सकतीं और लोगों के साथ गलत हो रहा है। इसके बाद यह कहा जाएगा कि संविधान भी लोगों को न्याय देने में सक्षम नहीं है। इंडिया गठबंधन का मकसद एक कट्टरपंथी वामपंथी सरकार लाना है। वे भारत के संविधान को नकारना और जनता में भारतीय संविधान के प्रति नकारात्मक रवैया बढ़ाना चाहते हैं।

दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन

दरअसल, आज INDIA गठबंधन के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में मार्च निकाला। विपक्षी नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सवाल उठाए और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पारदर्शिता जरूरी है। लेकिन CEC ज्ञानेश कुमार बीजेपी के पक्ष में काम कर रहे हैं और अपनी संवैधानिक शक्तियों का दुरुपयोग कर रहे हैं। वहीं, बीजेपी इन आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर चुनाव आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगा रही है। फिलहाल चुनाव आयोग को लेकर केंद्र की सत्तारूढ़ बीजेपी और विपक्षी INDIA गठबंधन के बीच सियासी टकराव चरम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *