फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने वोल्वो बस से अंग्रेजी शराब की करीब 250 पेटियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कीमत 10 लाख रुपए से अधिक है। शराब की यह खेप फरीदाबाद से बिहार भेजी जा रही थी। मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। सेक्टर-58 के ठेके से बस में लोड हुई थी शराब क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया कि शराब की पेटियां फरीदाबाद के सेक्टर-58 स्थित शराब ठेके से वोल्वो बस में लोड की गई थीं। इसके बाद बस के जरिए शराब को बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस को इस तस्करी की जानकारी मिली तो टीम ने कार्रवाई करते हुए बस को कब्जे में लेकर शराब की खेप बरामद कर ली। तस्करी के लिए अपनाया नया तरीका पुलिस के अनुसार शराब तस्करी के लिए इस बार सामान्य मालवाहक वाहन या निजी गाड़ी के बजाय वोल्वो बस का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि बस के जरिए शराब को दूसरे राज्य तक पहुंचाने की योजना थी। बड़ी संख्या में शराब की पेटियां बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। ठेका संचालक की भूमिका भी जांच के घेरे में पुलिस अब शराब के ठेका संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक ठेका संचालक को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन नोटिस के बावजूद वह अभी तक जांच में शामिल नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ठेके से शराब की इतनी बड़ी खेप किसके निर्देश पर बस में लोड कराई गई थी। बिहार भेजने वाले नेटवर्क की तलाश क्राइम ब्रांच अब शराब के स्रोत और उसे बिहार भेजने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब को बिहार में किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार मामले में ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। शराब की खेप बरामद कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

