100 साल की बुजुर्ग का मकान कब्जाने का आरोप:जालौन में चाबी देकर बेटी के घर गई थी महिला; लौटने पर कब्जा मिलने का दावा

100 साल की बुजुर्ग का मकान कब्जाने का आरोप:जालौन में चाबी देकर बेटी के घर गई थी महिला; लौटने पर कब्जा मिलने का दावा

जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र के सुल्तानपुरा गांव में करीब 100 वर्षीय बुजुर्ग महिला के मकान पर कब्जा करने का मामला सामने आया है। पीड़िता रूपा देवी अपनी नातिन रक्षा राजावत के साथ शिकायत लेकर डीएम-एसपी के पास पहुंचीं। उनका आरोप है कि वह कुछ समय के लिए बेटी के घर गई थीं और मकान की चाबी गांव के ही एक व्यक्ति को देकर गई थीं। वापस लौटने पर चाबी मांगने पर उसे देने से इनकार कर दिया गया। सुल्तानपुरा निवासी रूपा देवी पत्नी स्वर्गीय इंदल सिंह और उनकी नातिन रक्षा राजावत ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में उनका मूल मकान है। उनका कोई पुत्र नहीं है, जबकि दो बेटियां हैं। उम्र अधिक होने के कारण वह कभी-कभी अपनी बेटी सुमित्रा के घर चली जाती थीं। इसी दौरान वह मकान की चाबी गांव के बलवान सिंह पुत्र लोटन सिंह को देकर चली जाती थीं। पीड़िता के मुताबिक, 10 सितंबर 2026 को वह अपने नाती के साथ गांव पहुंचीं और बलवान सिंह से मकान की चाबी मांगी। आरोप है कि उसने चाबी देने से इनकार कर दिया। नाती के विरोध करने पर बलवान सिंह, गुल्लन पुत्र बलवान सिंह, सोनू पुत्र महावीर और लाखन पुत्र लोटन सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट पर आमादा हो गए। पीड़िता का आरोप है कि शिकायत करने पर उसे और उसके नाती को जान से मारने की धमकी भी दी गई। बगल में रहने वाले व्यक्ति पर कब्जे का आरोप रक्षा राजावत ने आरोप लगाया कि मकान पर बगल में रहने वाले बलवंत सिंह तोमर ने कब्जा कर लिया है। परिवार का कहना है कि मामले की शिकायत लेकर वे माधौगढ़ थाने पहुंचे, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। थाने बुलाकर समझौता कराने का भी आरोप रक्षा राजावत का आरोप है कि बाद में उन्हें थाने बुलाया गया और जबरन समझौता लिखवाया गया। आरोप है कि आगे शिकायत करने पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाने और जेल भेजने की बात कही गई। रक्षा ने माधौगढ़ थाने के दरोगा जीडी यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार के मुताबिक, मामले की शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय में भी की गई थी। आरोप है कि उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बजाय मामले को आपसी विवाद बताते हुए समझौते का दबाव बनाया गया। नातिन ने विवाद के दौरान परिवार के एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है। डीएम से मकान खाली कराने की मांग परिवार का कहना है कि बुजुर्ग महिला के लिए मकान ही सहारा है। कथित कब्जे के कारण वह दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पीड़िता ने डीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मकान से कथित कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *