कम बारिश के कारण छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में फसलें सूख रही हैं और जलसंकट की स्थिति बनी हुई है। पूर्व सांसद नकुलनाथ ने सरकार से दोनों जिलों को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर किसानों को राहत देने की मांग रखी। नकुलनाथ ने कहा कि कम बारिश के कारण किसानों के लिए फसल की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया है। खेतों में सूखती फसलें उनकी परेशानी दिखा रही हैं। जलसंकट के कारण अगली फसल को लेकर भी स्थिति साफ नहीं है। उन्होंने फसल नुकसान का पारदर्शी और समय पर सर्वे कराने की मांग की। साथ ही किसानों को उचित मुआवजा और फसल बीमा की राशि जल्द दिलाने की बात कही। बिजली बिल और कृषि ऋण के ब्याज में राहत की मांग नकुलनाथ ने कृषि बिजली बिल माफ करने और कृषि ऋण के ब्याज में भी राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसान संकट में है। इसलिए राहत सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समय पर जमीन पर मिलनी चाहिए। सोमवार को कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा था पत्र इससे पहले सोमवार को छिंदवाड़ा जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने कलेक्टर हरेंद्र नारायण से मुलाकात की थी। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र सौंपकर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने, फसल नुकसान का सर्वे कराने और किसानों को राहत देने की मांग की थी। कांग्रेस ने किसानों के कर्ज माफ करने की मांग भी रखी थी। अब कम बारिश के बीच किसानों को सरकार के फैसले और राहत पैकेज का इंतजार है।

