कोलकाता, छह अक्टूबर पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर मंगलवार को हो रहे उपचुनाव में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद ने आरोप लगाया कि मतदाताओं को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से रोका जा रहा है। उनके पिता एवं पार्टी प्रमुख हुमायूं कबीर को भी मतदान के दौरान पुलिस के साथ टकराव के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। आजाद ने आरोप लगाया कि करीब दो महीने से पार्टी कार्यकर्ताओं, नेताओं और मतदाताओं को डराया-धमकाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अच्छी-खासी अल्पसंख्यक आबादी वाले इलाकों में पुलिस घरों पर छापेमारी कर रही है, संपत्तियों में तोड़फोड़ कर रही है और लोगों को धमका रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अगर लोगों को वोट डालने दिया जाता तो मैं नतीजे को स्वीकार कर लेता, लेकिन लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने नहीं दिया जा रहा है। ऐसे उपचुनाव का क्या फायदा है?’’
आजाद ने दावा किया कि मतदाताओं को यह कहकर मतदान केंद्रों से वापस भेजा जा रहा है कि उनके वोट पहले ही डाले जा चुके हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव एजेंट को मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पिछले 10 दिनों में पुलिस ने हद पार कर दी है। वह घर-घर गई, संपत्तियों में तोड़फोड़ की और लोगों को डराया-धमकाया।
उन्होंने मतदाताओं को धमकी दी कि अगर वे वोट डालने के लिए घर से बाहर निकले तो उपचुनाव के बाद उन्हें इसके परिणाम भुगतने होंगे।’’
इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। ये आरोप रेजीनगर स्थित एजेयूपी कार्यालय में कबीर और पुलिसकर्मियों के बीच हुए टकराव के दौरान सामने आए। इससे पहले कबीर ने अपने परिवार के साथ मतदान किया था।
वह लगातार पुलिस पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते रहे हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टकराव के बाद कबीर को पहले हिरासत में लिया गया और बाद में मतदाताओं को प्रभावित करने तथा उन्हें उकसाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। इन घटनाक्रमों से रेजीनगर में चुनाव को लेकर तनाव और बढ़ गया है।
यहां आजाद अपने पिता के राजनीतिक आधार को आम जनता उन्नयन पार्टी के लिए चुनावी जीत में बदलने की कोशिश कर रहे हैं। इस सीट पर आजाद का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सखारव सरकार, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबिउल आलम चौधरी, डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार सफीउज्जमान शेख, कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी और माकपा के सैयद असद अली से है। इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भरोसा जताया कि उनकी पार्टी रेजीनगर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

