अमेठी में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत संग्रामपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय अपराधी अंसार उर्फ चितऊ (27) को गिरफ्तार किया। एसपी सरवणन टी. के निर्देश पर हुई कार्रवाई में उसके पास से तमंचा और जिंदा कारतूस मिला। अंसार पुत्र नासिर अली, निवासी भैसना, थाना सांगीपुर, प्रतापगढ़ का है। पुलिस ने आज सुबह चार बजे चेकिंग के दौरान उसकी मोटरसाइकिल रोकी। कागजात न दिखाने पर तलाशी में .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। उसकी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी 72 सीए 3586) धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज की गई। अंसार पर अमेठी और प्रतापगढ़ में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत 14 गंभीर मामले दर्ज हैं। संग्रामपुर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह, अजय कुमार गिरि और कांस्टेबल हरवेंद्र सिंह शामिल थे।

